"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

छत्तीसगढ़ की ऊर्जा शक्ति को राष्ट्रीय पहचान, गारे पेलमा सेक्टर-III खदान को 5-स्टार रेटिंग

92 प्रतिशत अंक हासिल कर देश की 206 कोयला खदानों में 20वां स्थान, लगातार पांच वर्षों से प्रथम पुरस्कार का गौरव

Kpn24.com रायपुर 14 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को नई मजबूती देते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी की गारे पेलमा सेक्टर-III कोयला खदान ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के कोयला मंत्रालय के वित्तीय वर्ष 2024-25 के स्टार रेटिंग मूल्यांकन में खदान को प्रतिष्ठित 5-स्टार रेटिंग से सम्मानित किया गया है। 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर खदान ने देश की 206 ओपनकास्ट कोयला खदानों में 20वां स्थान हासिल किया है।

यह उपलब्धि खदान के उत्कृष्ट संचालन, सुरक्षित खनन, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग का प्रमाण है। गौरतलब है कि गारे पेलमा सेक्टर-III खदान लगातार पांच वर्षों से खान मंत्रालय का प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने का गौरव भी अपने नाम कर चुकी है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं चेयरमैन सुबोध कुमार सिंह ने दी बधाई

इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ के चेयरमैन श्री सुबोध कुमार सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस सफलता को प्रदेश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि यह अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रबंधन के सामूहिक समर्पण एवं परिश्रम का परिणाम है।

राष्ट्रीय समारोह में मिला सम्मान

कोयला मंत्रालय द्वारा नवा रायपुर स्थित मेफेयर लेक रिसॉर्ट में आयोजित स्टार रेटिंग पुरस्कार समारोह में जनरेशन कंपनी को सम्मानित किया गया। समारोह में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी मुख्य अतिथि तथा केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

पावर कंपनी के चेयरमैन सुबोध कुमार सिंह को खदान की उपलब्धि की ट्रॉफी जनरेशन कंपनी के प्रबंध निदेशक एस.के. कटियार ने भेंट की।

सात प्रमुख मानकों पर हुआ मूल्यांकन

कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग व्यवस्था के तहत खदानों का मूल्यांकन सात प्रमुख मानकों पर किया जाता है। इनमें खनन दक्षता, पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक तकनीक, वित्तीय प्रदर्शन, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन, श्रमिक कल्याण तथा सुरक्षा एवं संरक्षण शामिल हैं।

गारे पेलमा सेक्टर-III खदान ने इन मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। खदान में कोयला उत्पादन एवं प्रेषण के लक्ष्यों के साथ श्रमिकों की सुरक्षा, पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन और सामाजिक दायित्वों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

ऊर्जा आत्मनिर्भरता और औद्योगिक विकास को मिलेगी नई मजबूती

लगातार पांच वर्षों तक प्रथम पुरस्कार और अब 5-स्टार रेटिंग के साथ देश में 20वां स्थान हासिल करना खदान के उत्कृष्ट प्रबंधन एवं कार्यक्षमता की निरंतरता को दर्शाता है। यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी की प्रतिष्ठा को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत करती है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता एवं औद्योगिक विकास को गति देने के प्रयासों के बीच यह सफलता एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। गारे पेलमा सेक्टर-III कोयला खदान की यह राष्ट्रीय पहचान सुरक्षित, दक्ष, पर्यावरण-अनुकूल एवं सतत खनन की दिशा में भविष्य के लिए नई प्रेरणा बनेगी।

KPN24.com | हर खबर, आपकी नज़र

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More