
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 19 नवंबर 2026
विपरीत हालातों में पर्वत की तरह अडिग रहकर भारतीय राजनीति और इतिहास की दिशा बदलने वाली पूर्व प्रधानमंत्री ‘भारत रत्न’ स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की जयंती पर जांजगीर-चांपा में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। नगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में इंदिरा गांधी प्रतिमा स्थल पर जुटे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ‘लौह महिला’ को याद करते हुए उनके साहस, दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन किया।
‘प्रियदर्शिनी’ का व्यक्तित्व और ‘लौह महिला’ का कृतित्व
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि इंदिरा गांधी केवल एक नाम नहीं, बल्कि साहस, संकल्प और दृढ़ नेतृत्व का प्रतीक थीं। उन्होंने कहा कि वे नाम से ‘प्रियदर्शिनी’, व्यक्तित्व से ‘लौह महिला’ और कृतित्व से भारतीय इतिहास की अमिट हस्ताक्षर हैं। कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी उनके निर्णयों और राष्ट्र के प्रति समर्पण ने उन्हें जनमानस के हृदय में हमेशा के लिए जीवित कर दिया है।
ऐतिहासिक फैसलों और आत्मनिर्भर भारत की पहचान
विधायक ब्यास कश्यप ने इंदिरा गांधी को एक दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने साहसिक फैसलों से देश को नई दिशा दी। उन्होंने उल्लेख किया कि बैंकों का राष्ट्रीयकरण, प्रिवी पर्स की समाप्ति, हरित क्रांति को प्रोत्साहन और बांग्लादेश मुक्ति संग्राम में उनका ऐतिहासिक नेतृत्व भारतीय इतिहास के स्वर्णिम अध्याय हैं। विधायक कश्यप ने कहा कि वे केवल देश की पहली महिला प्रधानमंत्री ही नहीं थीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत, राष्ट्रीय स्वाभिमान और सशक्त नेतृत्व की पहचान थीं। उनके विचार आज भी जीवित हैं और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।
इन नेताओं ने भी रखे विचार, बड़ी संख्या में रहे मौजूद
सभा के दौरान कांग्रेस नेता दिनेश शर्मा, डॉ. पारस शर्मा, रमेश पैगवार, ऋषिकेश उपाध्याय और अजीत सिंह राणा ने भी इंदिरा गांधी के जीवन, संघर्ष और योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन नगर कांग्रेस अध्यक्ष रामविलास राठौर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष रफीक सिद्दीकी ने जताया।
इस अवसर पर मुस्कान परवीन, परमेश्वर निर्मले, पार्षद अरमान खान, अमन अग्रवाल, टिंकू कहरा, जयसिंह राठौर, महेश खरे, दिनेश महंत, खलील मो., प्रीतम कश्यप, बेदी यादव, अतीक कुरैशी, लाला राठौर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










