"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

विश्व शौचालय दिवस पर जिले में विशेष पहल, सामुदायिक और सार्वजनिक शौचालयों की बदलेगी सूरत 

kpn24.com जांजगीर-चांपा 19 नवंबर 2026

स्वच्छता केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज और सम्मानजनक जीवन की बुनियाद है। इसी सोच को धरातल पर उतारने के लिए जांजगीर-चांपा जिले में विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर विशेष स्वच्छता अभियान का आगाज किया गया है। इस अभियान के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालयों की बदहाल व्यवस्था सुधारने, नियमित उपयोग को बढ़ावा देने और स्वच्छता सुविधाओं को सुरक्षित एवं सुगम बनाने पर जोर दिया जाएगा।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय पोयाम के मार्गदर्शन में 19 नवंबर को जिलेभर में विश्व शौचालय दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस वर्ष संयुक्त राष्ट्र की थीम ‘सुरक्षितशौचालय – समान भविष्य’ के अनुरूप देशभर में ‘स्वच्छ शौचालय – गरिमामय भविष्य’ अभियान संचालित किया जा रहा है। यह विशेष अभियान 19 नवंबर से 10 दिसंबर 2026 तक चलेगा।

स्कूलों से पंचायत भवनों तक शौचालयों की व्यवस्था सुधारने पर जोर

अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक स्वच्छता परिसरों और संस्थागत शौचालयों को बेहतर, सुरक्षित और उपयोग के अनुकूल बनाना है। इसके तहत स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों सहित अन्य सार्वजनिक संस्थानों में उपलब्ध शौचालयों की स्थिति सुधारने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

खास बात यह है कि महिलाओं, बालिकाओं और दिव्यांगजनों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शौचालयों में आवश्यक सुविधाएं विकसित करने की पहल की जा रही है, ताकि प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छता और सम्मान के साथ बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

पुराने शौचालयों की मरम्मत से लेकर आधुनिक व्यवस्था तक बनेगी कार्ययोजना

अभियान के तहत ग्राम पंचायतों को सामुदायिक एवं संस्थागत शौचालयों की आवश्यक मरम्मत और रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही सिंगल पिट शौचालयों को ट्विन पिट में परिवर्तित करने तथा सेप्टिक टैंकों में जरूरी सुधार के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

सामुदायिक शौचालयों का नियमित संचालन, परिसर की साफ-सफाई, दीवार लेखन और स्वच्छता संबंधी संदेशों के माध्यम से सौंदर्यीकरण किया जाएगा। अभियान में केवल निर्माण तक सीमित रहने के बजाय शौचालयों के नियमित उपयोग और उनके रखरखाव की आदत विकसित करने पर भी विशेष जोर रहेगा।

30 नवंबर तक पूरा करना होगा स्वच्छ सेवा आकलन

अभियान के अंतर्गत स्वच्छ सेवा आकलन की प्रगति की भी समीक्षा की जा रही है। जिन ग्राम पंचायतों में यह प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हुई है, वहां स्व-मूल्यांकन, ग्रामसभा सत्यापन और अंतिम प्रस्तुतीकरण की प्रक्रिया 30 नवंबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अभियान के तहत होने वाले कार्यों की निगरानी भी की जाएगी। इसके लिए गतिविधियों की जियो-टैगिंग, कार्यों के पहले और बाद के छायाचित्र तथा रिपोर्टिंग मोबाइल ऐप के माध्यम से की जाएगी, जिससे कार्यों की प्रगति का रिकॉर्ड रखा जा सके।

बेहतर काम करने वालों को मिलेगा सम्मान, पंचायतों में होगी प्रतियोगिता

स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने और बेहतर कार्य करने वालों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। प्रत्येक विकासखंड से दो उत्कृष्ट सामुदायिक स्वच्छता परिसर और दो उत्कृष्ट संस्थागत शौचालयों का चयन किया जाएगा। इनमें से जिला स्तर पर सर्वश्रेष्ठ परिसरों को सम्मानित किया जाएगा।

वहीं व्यक्तिगत शौचालय प्रतियोगिता के अंतर्गत ग्राम पंचायत, विकासखंड और जिला स्तर पर उत्कृष्ट शौचालयों का चयन किया जाएगा। अभियान के समापन अवसर पर संबंधित हितग्राहियों को सम्मानित कर उनके प्रयासों को प्रोत्साहन दिया जाएगा।

जिले में शुरू की गई यह पहल स्वच्छता सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ ग्रामीणों में स्वच्छता के प्रति स्थायी व्यवहार परिवर्तन लाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। अब देखना होगा कि 10 दिसंबर तक चलने वाला यह अभियान गांवों में शौचालयों की वास्तविक स्थिति बदलने और स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने में कितना सफल होता है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More