"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

राजधानी को मिली नई ऊर्जा की ताकत:- 132 केवी का आधुनिक सब-स्टेशन ऊर्जीकृत, अब मिलेगी निर्बाध और हाई-क्वालिटी बिजली

KPN24.com रायपुर 26 मार्च 2026

छत्तीसगढ़ की राजधानी अब और भी ज्यादा रोशन और मजबूत बिजली व्यवस्था की ओर बढ़ चुकी है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने राजधानी के मेटल पार्क सिलतरा में 132/33 केवी के अत्याधुनिक सब-स्टेशन को सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

इस हाई-टेक उपकेंद्र का शुभारंभ प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने बटन दबाकर किया। 126 एमवीए क्षमता वाले इस सब-स्टेशन के शुरू होते ही राजधानी और औद्योगिक क्षेत्रों को अब निर्बाध, स्थिर और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
औद्योगिक और घरेलू उपभोक्ताओं को मिलेगा सीधा फायदा
इस नए सब-स्टेशन से उरला-सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र सहित शहर के कई बड़े हिस्सों में बिजली व्यवस्था मजबूत होगी। खासतौर पर ट्रांसपोर्ट नगर, कैलाश नगर, रावांभाटा, बंजारी मंदिर क्षेत्र, अकबर बाड़ी, धनेली-निमोरा, अछोली, ऊरकुरा और बीरगांव समेत कई इलाकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
33 केवी के 8 फीडरों के माध्यम से सप्लाई दी जा रही है, जिससे ओवरलोड और ट्रिपिंग जैसी समस्याओं में कमी आएगी।
28 करोड़ की लागत से बना आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर
इस सब-स्टेशन का निर्माण लगभग 28 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है। इसमें 63-63 एमवीए के दो शक्तिशाली पावर ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं, जो बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए हैं।
मुख्यमंत्री के विजन पर तेजी से काम
इस अवसर पर प्रबंध निदेशक ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कंपनी अध्यक्ष श्री सुबोध कुमार सिंह के मार्गदर्शन में पूरे प्रदेश में पारेषण नेटवर्क को लगातार मजबूत किया जा रहा है। राजधानी में विशेष रूप से पंजीगत निवेश के तहत तेजी से काम हो रहा है, ताकि भविष्य की बिजली जरूरतों को आसानी से पूरा किया जा सके।
विकास को मिलेगी नई रफ्तार
इस बड़ी उपलब्धि से न सिर्फ बिजली आपूर्ति बेहतर होगी, बल्कि औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलेगी। लगातार बढ़ती बिजली मांग के बीच यह परियोजना राजधानी के लिए गेमचेंजर साबित होगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More