"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

युवाओं के लिए सुनहरा मौका: ‘विकसित भारत जी राम जी युवा डिजिटल अभियान’ में वीडियो चैलेंज, क्विज और लोगो डिजाइन प्रतियोगिता का आयोजन

लोगो डिजाइन के लिए 04 अप्रैल, वीडियो चैलेंज 05 अप्रैल और क्विज प्रतियोगिता के लिए 07 अप्रैल 2026 तक आवेदन की अंतिम तिथि

KPN24.com जांजगीर-चांपा 01 अप्रैल 2026

ग्रामीण विकास और युवाओं की भागीदारी को नई दिशा देने के उद्देश्य से केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा देशभर में विकसित भारत जी राम जी युवा डिजिटल अभियान की शुरुआत की गई है। यह राष्ट्रव्यापी डिजिटल अभियान माय भारत पोर्टल के माध्यम से संचालित किया जा रहा है, जिसमें युवाओं को वीडियो चैलेंज, क्विज और रचनात्मक प्रतियोगिताओं के जरिए डिजिटल जनआंदोलन से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

जिले में जन्मेजय महोबे (कलेक्टर) के निर्देशन और गोकुल रावटे (मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत) के मार्गदर्शन में सभी जनपद सीईओ को निर्देशित किया गया है कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तर तक किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा इस पहल से जुड़ सकें।
‘माय विलेज चैलेंज’ में दिखाएं अपने गांव की कहानी
अभियान के तहत माय विलेज चैलेंज के नाम से राष्ट्रीय स्तर पर शॉर्ट वीडियो/रील प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसमें प्रतिभागी किसी भी भारतीय भाषा में 30 से 60 सेकंड का वीडियो बनाकर माय भारत पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं। वीडियो का अधिकतम आकार 25 एमबी निर्धारित किया गया है।
इस प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। चयनित प्रतिभागियों को केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा करने का विशेष अवसर भी मिलेगा।
क्विज प्रतियोगिता में मिलेगा ऑनलाइन प्रमाणपत्र
इसी तरह माय भारत पोर्टल पर विकसित भारत जी राम जी अधिनियम से संबंधित क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। इसमें प्रतिभागियों को निर्धारित समय के भीतर 20 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को ऑनलाइन प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
लोगो डिजाइन प्रतियोगिता में जीतें 50 हजार रुपये
इसके अतिरिक्त माय जीओव्ही पोर्टल पर विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) एक्ट, 2025 के लिए लोगो डिजाइन प्रतियोगिता आयोजित की गई है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ऐसा रचनात्मक लोगो चुनना है, जो समावेशी विकास, रोजगार सृजन और ग्रामीण प्रगति के संदेश को प्रभावी ढंग से दर्शा सके।
देशभर के प्रतिभागियों को अपने नवाचारपूर्ण डिजाइन प्रस्तुत करने का मौका मिलेगा। चयनित सर्वश्रेष्ठ डिजाइन को आधिकारिक लोगो के रूप में अपनाया जाएगा और भविष्य में इसके प्रचार-प्रसार में उपयोग किया जाएगा। प्रतियोगिता के विजेता को केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा 50 हजार रुपये का आकर्षक पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
निर्धारित अंतिम तिथियां:
लोगो डिजाइन प्रतियोगिता: 04 अप्रैल 2026
वीडियो चैलेंज: 05 अप्रैल 2026
क्विज प्रतियोगिता: 07 अप्रैल 2026
यह अभियान युवाओं को डिजिटल मंच के माध्यम से देश के विकास में सहभागी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More