
KPN24.com जांजगीर-चांपा 02 अप्रैल 2026
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह (एबीवीटीपीएस) मड़वा में अधीक्षण अभियंता अमिताभ शुक्ला के सेवानिवृत्त होने पर भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। लगभग 41 वर्ष से अधिक की लंबी और समर्पित सेवा देने वाले शुक्ला को पावर कंपनी परिवार ने सम्मान और शुभकामनाओं के साथ विदा किया।
विदाई समारोह की अध्यक्षता मुख्य अभियंता एच.एन. कोसरिया ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि अमिताभ शुक्ला ने अपने कार्यकाल में निष्ठा, अनुशासन और तकनीकी दक्षता के साथ कंपनी को महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके अनुभव और कार्यशैली आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेंगे।
इस अवसर पर मुख्य अभियंता द्वारा सेवानिवृत्त अधिकारी को स्मृति चिह्न और सेवा प्रमाण-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में अतिरिक्त मुख्य अभियंता आर.एल. ध्रुव, एस.डी. द्विवेदी और एन. लकरा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे और उन्होंने भी शुक्ला के योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय और सम्मानित जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान अमिताभ शुक्ला ने अपने लंबे सेवाकाल की यादों को साझा करते हुए सहकर्मियों के सहयोग और संगठन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पावर कंपनी में बिताए गए वर्ष उनके जीवन की अमूल्य पूंजी हैं।
गौरतलब है कि अमिताभ शुक्ला की पहली नियुक्ति 07 नवंबर 1984 को कोरबा पूर्व में टेक्निकल अप्रेंटिस के रूप में हुई थी। तब से लेकर अब तक उन्होंने 41 वर्ष 4 माह 26 दिन तक विद्युत मंडल और पावर कंपनी में सेवाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन कल्याण अधिकारी आर.एस. टेकाम ने किया और इस दौरान उन्होंने सेवानिवृत्त अधिकारी का संक्षिप्त जीवन परिचय प्रस्तुत किया। समारोह में अधीक्षण अभियंता क्रिस्टोफर एक्का, धर्मेंद्र बंजारे, आर.के. नायक, एस.के. तारेंद्र, जे.के. गायकवाड़, वाय.के. पाटिये, मुख्य रसायनज्ञ उत्तम चंद्रवंशी, अभय मिश्रा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।










