
KPN24.com जांजगीर-चांपा 18 मई 2026
जिले में लगातार बढ़ रहे अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अब जांजगीर-चांपा पुलिस ने आर-पार की लड़ाई छेड़ दी है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिले में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष “आईलीगल माइनिंग टास्क फोर्स (IMTF)” का गठन किया गया है।
टास्क फोर्स के गठन के साथ ही प्रशासन और पुलिस ने पहले ही दिन ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए रेत माफियाओं में हड़कंप मचा दिया।
संयुक्त रेड कार्रवाई के दौरान राजस्व, खनिज और पुलिस विभाग की टीम ने केवा घाट एवं शिवरीनारायण क्षेत्र में दबिश दी, जहां अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए 4 हाईवा वाहन और 3 ट्रैक्टर पकड़े गए। सभी वाहनों को मौके पर ही जप्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने साफ कर दिया है कि जिले में अब अवैध रेत उत्खनन, भंडारण और परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा सुओ-मोटो कार्रवाई करते हुए सीधे एफआईआर दर्ज की जाएगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
विशेष टास्क फोर्स के पर्यवेक्षण अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप बनाए गए हैं। टीम द्वारा जिले के संवेदनशील नदी घाटों, प्रमुख मार्गों और चिन्हित क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग, निगरानी और सघन जांच अभियान चलाया जाएगा।
अब रेत माफियाओं पर तकनीक के जरिए भी शिकंजा कसा जाएगा। पुलिस ने घोषणा की है कि जिले के नदी घाटों और रेत भंडारण स्थलों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाएगी, ताकि अवैध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। यदि कहीं भी अवैध रेत उत्खनन या परिवहन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष जांजगीर के मोबाइल नंबर 94791-93199 पर दी जा सकती है। सूचना मिलते ही टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।










