"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

छत्तीसगढ़ में बिजली व्यवस्था को मिली नई ताकत, एक साल में बने 132 केवी के 6 अतिउच्चदाब उपकेंद्र

दुर्ग के अंडा गांव में नया 132 केवी सब-स्टेशन हुआ ऊर्जीकृत, हजारों उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ

KPN24.com रायपुर 26 मई 2026

छत्तीसगढ़ में बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए राज्य सरकार बिजली अधोसंरचना को लगातार मजबूत करने में जुटी हुई है। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए बीते एक वर्ष में 132 केवी के छह नए अतिउच्चदाब उपकेंद्र स्थापित कर प्रदेश की विद्युत व्यवस्था को नई मजबूती दी है।

प्रदेश में अब अतिउच्चदाब उपकेंद्रों की संख्या बढ़कर 141 पहुंच गई है, जबकि राज्य गठन के समय यह संख्या मात्र 27 थी। यह उपलब्धि प्रदेश में तेजी से हो रहे विद्युत विस्तार और मजबूत ट्रांसमिशन नेटवर्क का प्रमाण मानी जा रही है।
इसी क्रम में दुर्ग जिले के अंडा गांव में नव निर्मित 132/33 केवी अतिउच्चदाब उपकेंद्र को सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत किया गया। वहीं राजनांदगांव जिले के खैरागढ़ स्थित 132 केवी उपकेंद्र में 63 एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर वहां की क्षमता को 40 एमवीए से बढ़ाकर 103 एमवीए कर दिया गया है।
ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने बटन दबाकर दोनों परियोजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं ट्रांसमिशन कंपनी के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह के मार्गदर्शन में प्रदेश में बिजली पारेषण नेटवर्क को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
30 करोड़ से अधिक की लागत से बना अंडा उपकेंद्र
ग्राम अंडा में स्थापित 132/33 केवी उपकेंद्र में 40 एमवीए क्षमता के दो पावर ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। लगभग 30 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से बने इस उपकेंद्र से 33 केवी के पांच फीडरों के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जाएगी।
इस परियोजना से अंडा, विनायकपुर, चंद्रखुरी, तिरगाझोला, कुथरेल, हनोदा, अंजोरा, मोहंदीपाट, निकुम, आलबरस, सकरौद, खप्परवाड़ा, रिसामा, चिंगरी, परसदा, ओटेबंद और देवरी सहित लगभग 38 गांवों को बेहतर एवं निर्बाध बिजली सुविधा का लाभ मिलेगा।
खैरागढ़ क्षेत्र को मिलेगी गुणवत्तापूर्ण बिजली
राजनांदगांव जिले के खैरागढ़ उपकेंद्र में नए पावर ट्रांसफार्मर के शुरू होने से मंडला, भैयाटोला, अतरिया, मुढ़ीपार और सिविल लाइन राजनांदगांव क्षेत्र में बिजली आपूर्ति और अधिक सुचारु एवं गुणवत्तापूर्ण हो सकेगी।
इस अवसर पर ट्रांसमिशन एवं डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More