
तीन वर्षों से चला रहे थे ठगी का नेटवर्क, लाखों की मशीनें और वाहन जब्त
KPN24.com जांजगीर-चांपा 01 जून 2026
जांजगीर-चांपा पुलिस ने भारी वाहनों को किराये पर लेकर फरार हो जाने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरोह के मास्टर माइंड सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो जेसीबी मशीन, एक हाइवा, एक टाटा सफारी, महंगा मोबाइल फोन तथा मोटरसाइकिल बरामद की है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह पिछले तीन वर्षों से छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में की गई।
किराये का झांसा देकर उड़ाई जेसीबी
प्रार्थी प्रदीप कुमार कोसले, निवासी पिपरसत्ती ने थाना अकलतरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी जेसीबी मशीन को किराये पर लेने के नाम पर आरोपियों ने 1.40 लाख रुपये प्रतिमाह किराया देने और 50 हजार रुपये अग्रिम भुगतान का भरोसा दिलाया। मशीन अपने कब्जे में लेते ही आरोपियों ने मोबाइल फोन बंद कर दिए और वाहन में लगे जीपीएस उपकरण को भी निष्क्रिय कर दिया।
जब जीपीएस की अंतिम लोकेशन जबलपुर में मिली और आरोपियों से संपर्क नहीं हो सका, तब पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।
जांच में खुली ठगी की पूरी साजिश
थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 210/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान खुलासा हुआ कि गिरोह पहले किरायानामा या खरीद-बिक्री का समझौता करता था, फिर वाहन लेकर दूसरे राज्य में बेच देता था। पहचान छिपाने के लिए वाहनों के नंबर भी बदल दिए जाते थे।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने रायपुर, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा क्षेत्र के कई वाहन मालिकों को इसी तरीके से अपना शिकार बनाया। जेसीबी, ट्रेलर और ट्रैक्टर जैसे भारी वाहनों को धोखे से कब्जे में लेकर आगे बेच दिया गया।
चित्रकूट से दबोचा गया मास्टर माइंड
मामले के मुख्य आरोपी भरत गुप्ता को पुलिस ने चित्रकूट-जबलपुर लिंक के आधार पर गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर जबलपुर से जेसीबी मशीन बरामद की गई। जांच में यह भी पता चला कि उसके विरुद्ध बिलासपुर के सिविल लाइन थाना में भी जेसीबी ठगी का एक अन्य मामला दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपी
तीरथराज कुर्रे (21 वर्ष), बकरकूदा, बिलासपुर
राहुल खांडे (24 वर्ष), सीपत खम्हरिया, बिलासपुर
सन्नी लाल पाटले (35 वर्ष), बम्हनीन, अकलतरा
शिवम जायसवाल (28 वर्ष), त्रिवेणी नगर, जबलपुर
भरत गुप्ता (47 वर्ष), व्यापार विहार बिलासपुर / विजय नगर, जबलपुर
पुलिस ने किया लाखों का माल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—
02 जेसीबी मशीनें
01 हाइवा वाहन
01 टाटा सफारी
सैमसंग गैलेक्सी एस-24 अल्ट्रा मोबाइल
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
बरामद की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, प्रधान आरक्षक स्वाति गिरोलकर, आरक्षक महेंद्र राज, शेष नारायण साहू, राजा जयप्रकाश रात्रे एवं अंजनी कश्यप की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही।
पुलिस की अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को वाहन किराये पर देने से पहले उसका संपूर्ण सत्यापन अवश्य कराएं तथा वाहनों में लगे जीपीएस उपकरण को हमेशा सक्रिय रखें, ताकि किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके।











