"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

नाबालिग बालिका से अनाचार मामले में सहयोगी आरोपी गिरफ्तार

नवागढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी अब भी फरार

KPN24.com जांजगीर-चांपा 03 जून 2026

जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से अनाचार के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सहयोगी आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं मामले का मुख्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आनंद कुमार चौहान (19 वर्ष) निवासी ग्राम पथर्रा, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा है।
फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर किया अनाचार
मामले के अनुसार मुख्य फरार आरोपी ने पीड़िता के फोटो एवं वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ जबरन अनाचार किया। इसके बाद 19 मई 2026 की रात मुख्य आरोपी अपने साथी आनंद चौहान के साथ पीड़िता के घर पहुंचा और उसे बाहर बुलाने लगा। जब पीड़िता ने बाहर आने से मना किया तो मुख्य आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और वहां से फरार हो गया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 169/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2), 3(5) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 एवं 6 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस ने दिखाई तत्परता
नाबालिग बालिका से जुड़े इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए नवागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। जांच के दौरान सहयोगी आरोपी आनंद कुमार चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने मुख्य आरोपी की सहायता करने की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मामले का मुख्य आरोपी अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। पुलिस को उम्मीद है कि उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सराहनीय रही पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पांडे, सहायक उप निरीक्षक नजीर हुसैन तथा नवागढ़ थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More