
KPN24.com जांजगीर-चांपा 13 जून 2026
जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस विभाग ने भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए चौकी पंतोरा में पदस्थ प्रधान आरक्षक रमेश त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर की गई।
जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक पर पंतोरा क्षेत्र के एक आवेदक से विवादित भूमि पर कब्जा दिलाने के नाम पर पैसों की मांग करने का आरोप लगा था। शिकायत और मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में पहुंचने के बाद इसे गंभीरता से लिया गया और बिना देरी किए तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ने मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के लिए एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
पुलिस विभाग की इस त्वरित कार्रवाई को जवाबदेही और पारदर्शिता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











