
KPN24.com जांजगीर-चांपा 16 जून 2026
जांजगीर-चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए मुलमुला थाना क्षेत्र के बनाहिल साप्ताहिक बाजार से हुई मोटरसाइकिल चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिलेभर में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मुलमुला पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए चोरी की वारदात का तेजी से खुलासा किया।
बाजार से चोरी हुई थी मोटरसाइकिल
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पकरिया (झु) निवासी समीर कुमार मेहर ने थाना मुलमुला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 जून 2026 को वह अपने भाई के साथ बनाहिल साप्ताहिक बाजार गया था। उसने अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG11BM9757 को बाजार परिसर में लॉक कर खड़ा किया था। बाजार से लौटने पर मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली। अज्ञात चोर वाहन चोरी कर फरार हो गया था। चोरी गए वाहन की कीमत लगभग 45 हजार रुपये बताई गई।
मुखबिर की सूचना पर दबोचा गया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुलमुला पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बनाहिल निवासी बनवारी यादव (21 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर बनाहिल बाजार परिसर से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। इसके बाद विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी मुलमुला निरीक्षक पारस पटेल, सहायक उपनिरीक्षक प्रमोद महार, प्रधान आरक्षक अनिल अजगल्ले, आरक्षक गोपेश्वर पटेल, राजेश कश्यप, ओमप्रकाश डहरिया तथा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










