
KPN24.com जांजगीर-चांपा 19 जून 2026
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में लगातार सामने आ रहे कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के मामलों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की जवाबदेही तय करने और उनके इस्तीफे की मांग की।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राजेश अग्रवाल ने कहा कि देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल नीट परीक्षा की निष्पक्षता पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। लाखों छात्र-छात्राएं वर्षों तक कठिन परिश्रम कर परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक और कथित धांधलियों की खबरें उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का काम कर रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। बार-बार सामने आ रही अनियमितताओं से छात्रों और अभिभावकों का भरोसा कमजोर हुआ है। देशभर सहित छत्तीसगढ़ में भी विद्यार्थियों के बीच भारी आक्रोश का माहौल है और युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है तथा आगे भी उनके हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्र हितों के मुद्दों को संसद से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाने का काम कर रही है।
राजेश अग्रवाल ने मांग करते हुए कहा कि नीट परीक्षा में सामने आए कथित घोटालों और पेपर लीक प्रकरणों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दें।
उन्होंने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य किसी भी सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होता है। यदि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता ही सवालों के घेरे में आ जाए तो यह शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। कांग्रेस पार्टी छात्रों के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।










