
ISI से संपर्क के मिले अहम डिजिटल साक्ष्य, संवेदनशील सूचनाएं पाकिस्तान भेजने का आरोप
KPN24.com जांजगीर-चांपा 21 जून 2026
जांजगीर-चांपा पुलिस को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक गंभीर मामले में बड़ी सफलता मिली है। अकलतरा थाना क्षेत्र में किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर पाकिस्तान समर्थित नेटवर्क और ISI से जुड़े तत्वों के संपर्क में रहकर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेवक सिंह (23 वर्ष), पिता बलविंदर सिंह, निवासी पट्टी, जिला तरन तारण (पंजाब) के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 350/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 एवं 61(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
किरायेदार सत्यापन अभियान में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चलाए जा रहे किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि अकलतरा के मिनीमाता चौक स्थित एक मकान में बाहरी राज्यों के कई व्यक्ति किराये पर रह रहे हैं। सत्यापन के दौरान सेवक सिंह का व्यवहार संदिग्ध पाया गया।
पूछताछ में आरोपी द्वारा दी गई जानकारी और उसके जवाबों में विरोधाभास मिलने पर पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की जांच की। जांच के दौरान पाकिस्तान, सऊदी अरब, मैक्सिको सहित कई विदेशी नंबरों से संपर्क के कथित प्रमाण मिलने की बात सामने आई।
ISI समर्थित नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप
प्रारंभिक जांच में आरोपी के पाकिस्तान स्थित ISI समर्थित तत्वों से संपर्क में होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार आरोपी व्हाट्सएप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से विदेशी नंबरों और संदिग्ध व्यक्तियों के संपर्क में था।
जांच एजेंसियों को यह भी संकेत मिले हैं कि आरोपी द्वारा छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण व्यक्तियों, संवेदनशील स्थानों, लोकेशन, वाहनों के नंबर तथा फोटो-वीडियो जैसी सूचनाएं साझा की जा रही थीं।
मोबाइल फोन से मिले महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल से व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड, कॉल रिकॉर्डिंग तथा अन्य डिजिटल दस्तावेज बरामद किए हैं। जब्त मोबाइल को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि विदेशी संपर्कों और गतिविधियों की विस्तृत पड़ताल की जा सके।
हथियार मिलने के बाद टारगेट किलिंग की आशंका
जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया है कि आरोपी को पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हथियार उपलब्ध कराए जाने की योजना थी। पुलिस को आशंका है कि हथियार मिलने के बाद आरोपी को पाकिस्तान स्थित संचालकों द्वारा दिए गए लक्ष्यों पर हमला करने अथवा टारगेट किलिंग जैसी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जा सकता था। हालांकि इन तथ्यों की अंतिम पुष्टि विस्तृत विवेचना और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही होगी।
राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गतिविधियां देश की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करने वाली प्रतीत होती हैं। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
फिलहाल पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क, विदेशी संपर्कों और संभावित सहयोगियों की पहचान में जुटी हुई हैं। मामले की गहन जांच जारी है और आने वाले दिनों में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।










