
KPN24.com जांजगीर-चांपा 25 जून 2026
ग्राम बिर्रा के होनहार युवा लखन लाल कश्यप ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए एनआईएस (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स) कोच की उपाधि प्राप्त की है। उनकी इस सफलता से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गौरव का माहौल है।
लखन लाल कश्यप, श्रीमती विमला गोपाल कश्यप (उपसरपंच) के सुपुत्र हैं। उन्होंने स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के अंतर्गत बेंगलुरु स्थित एनआईएस संस्थान में 08 जून 2026 से 24 जून 2026 तक आयोजित प्रशिक्षण एवं चयन प्रक्रिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने लिखित परीक्षा, फिटनेस टेस्ट तथा कबड्डी कौशल परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर एनआईएस कबड्डी कोच की उपाधि अर्जित की।
यह सम्मान उन्हें द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित अंतरराष्ट्रीय कोच ई. भास्करन के मार्गदर्शन में प्राप्त हुआ, जो उनके खेल जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
लखन कश्यप ने अपनी सफलता का श्रेय वीर शिवाजी कबड्डी ग्राउंड, चिंगराजपारा (बिलासपुर) के खेल परिवेश तथा हेमंत यादव, प्रदीप यादव एवं महेंद्र पटेल के मार्गदर्शन को दिया है। उनके सहयोग और प्रेरणा से ही यह मुकाम हासिल करना संभव हो सका।
लखन कश्यप की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, खेल प्रेमियों तथा शुभचिंतकों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।










