
सर्वसम्मति से बने अध्यक्ष, बोले— पूर्व छात्रों को संगठित कर महाविद्यालय को दिलाएंगे नई पहचान
KPN24.com सक्ती 29 जून 2026
शासकीय वेदराम महाविद्यालय, मालखरौदा में आयोजित एल्यूमिनी संघ की महत्वपूर्ण बैठक में महाविद्यालय के समग्र विकास, शैक्षणिक गुणवत्ता और पूर्व छात्रों की सक्रिय भागीदारी को लेकर व्यापक मंथन किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से राजेश कुमार अजगल्ले को एल्यूमिनी संघ का नवनिर्वाचित अध्यक्ष चुना गया। उनके अध्यक्ष चुने जाने पर महाविद्यालय परिवार एवं पूर्व छात्रों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया तथा शुभकामनाएँ दीं।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेश कुमार अजगल्ले ने अपने संबोधन में कहा कि वे महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए पूर्ण समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि अधिक से अधिक पूर्व छात्रों को एल्यूमिनी संघ से जोड़कर संस्था के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी तथा महाविद्यालय को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. उमानन्दिनी जायसवाल ने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्था की प्रगति में उसके पूर्व छात्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने एल्यूमिनी संघ को और अधिक सशक्त बनाने तथा महाविद्यालय के विकास कार्यों में निरंतर सहयोग देने का आह्वान किया। साथ ही शिक्षा पूर्ण कर चुके विद्यार्थियों को एल्यूमिनी संघ से जोड़ने के लिए प्रभावी अभियान चलाने पर भी सहमति बनी।
बैठक में महाविद्यालय के बुनियादी ढाँचे के सुदृढ़ीकरण, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, छात्र कल्याण योजनाओं तथा पूर्व छात्रों के सहयोग से विकास कार्यों को गति देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का सफल संचालन एल.आर. कोसरिया, सहायक प्राध्यापक (अंग्रेज़ी) एवं एल्यूमिनी संघ प्रभारी ने किया। बैठक में भूषण बंजारे, जीवेंद्र भारती, सुश्री सुशीला रात्रे, श्रीमती नीतू महिलांगे, बजरंग भारती, कमलेश मिरी, अनिल चंद्रा सहित महाविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं अनेक एल्यूमिनी सदस्य उपस्थित रहे।
यह बैठक महाविद्यालय के इतिहास में एक महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक पहल साबित हुई, जो पूर्व छात्रों को उनकी मातृसंस्था से जोड़ने तथा शिक्षा, विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में नई ऊर्जा प्रदान करेगी।










