
बेहतर उपचार के दिए निर्देश, दोनों ग्रामीणों की हालत सामान्य
KPN24.com जांजगीर-चांपा 3 जुलाई 2026
जांजगीर-चांपा जिले के डोंगाकोहरौद क्षेत्र में सड़क निर्माण की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के दौरान अस्वस्थ हुए दो स्थानीय ग्रामीणों से मिलने कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मरीजों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी विस्तृत जानकारी ली।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि दोनों ग्रामीणों का उपचार पूरी संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ किया जाए। चिकित्सकों ने बताया कि दोनों की स्वास्थ्य स्थिति सामान्य एवं स्थिर है तथा चिकित्सकीय निगरानी में उनका उपचार जारी है।
कलेक्टर श्री महोबे ने बताया कि डोंगाकोहरौद मार्ग की मरम्मत का कार्य वर्तमान में कराया जा रहा है, जिससे आमजन का आवागमन सुचारु बना रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क के स्थायी निर्माण के लिए शासन स्तर पर स्वीकृति की प्रक्रिया जारी है। स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय पर पूरी संवेदनशीलता के साथ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा विकास कार्यों को गति देने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।










