
KPN24.com रायपुर 03 जुलाई 2026
सहकारिता ही किसानों की समृद्धि का सबसे बड़ा आधार बनेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन में कहा कि सहकारिता के विस्तार से किसानों की आय बढ़ेगी और विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव तैयार होगी।
मुख्यमंत्री ने 7.14 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए 162 करोड़ रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि वितरण का शुभारंभ किया। साथ ही प्रदेश में 1,352 नई सहकारी समितियों के गठन, सहकार प्रेरणा पुरस्कार वितरण, महिला स्व-सहायता समूहों को लाभांश, 5 माइक्रो एटीएम तथा छत्तीसगढ़ हर्बल्स के 5 नए उत्पादों का लोकार्पण किया।
उन्होंने कहा कि सहकारिता अब केवल खेती तक सीमित नहीं है, बल्कि पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन, वनोपज और ग्रामीण उद्यमिता को भी नई गति दे रही है। राज्य सरकार किसानों को ब्याजमुक्त ऋण, आधुनिक सुविधाएं और डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बना रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सहकारी संस्थाओं के स्टॉलों का अवलोकन कर नवाचारों की सराहना की तथा सहकारिता विभाग के ऑनलाइन पोर्टल का शुभारंभ भी किया, जिससे किसानों का पंजीयन अधिक पारदर्शी और समयबद्ध होगा।










