
KPN24.com जांजगीर-चांपा 09 जुलाई 2026
भगवान परशुराम ब्राह्मण विकास समिति, जिला जांजगीर-चांपा के पदाधिकारियों ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयन बेहार एवं दीपक तिवारी से उनके कार्यालय में सौजन्य मुलाकात कर शॉल, प्रतीक चिन्ह और भगवान परशुराम का चित्र भेंटकर सम्मानित किया।
मुलाकात के दौरान जिले में सामाजिक समरसता, कानून-व्यवस्था, शिक्षा, संस्कार और समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। समिति के जिलाध्यक्ष पं. धनेश कुमार मिश्रा ने समिति द्वारा संचालित सामाजिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए आगामी आयोजनों में प्रशासनिक सहयोग की अपेक्षा जताई।
समिति के संस्थापक एवं संरक्षक पं. मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि प्रशासन और समाज के बीच बेहतर समन्वय से सामाजिक सौहार्द और जनविश्वास को नई मजबूती मिलती है। वहीं उपाध्यक्ष पं. तोषण प्रसाद तिवारी तथा महिला प्रकोष्ठ की जिला संयोजक श्रीमती जयंती दुबे ने महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन में पुलिस की सकारात्मक भूमिका की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयन बेहार ने समिति द्वारा शिक्षा, सेवा और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए ऐसे प्रयासों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
उल्लेखनीय है कि गत 14 जून को गंगाजल में आयोजित समिति के मेधावी छात्र सम्मान समारोह में पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था, लेकिन व्यस्तता के कारण वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके थे। इसी अवसर की स्मृति में समिति के पदाधिकारियों ने उनके कार्यालय पहुंचकर सम्मान अर्पित किया।
जिला मीडिया प्रभारी जितेन्द्र तिवारी ने बताया कि यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और प्रशासन तथा समाज के बीच बेहतर संवाद की दिशा में एक सकारात्मक पहल साबित हुई।










