
KPN24.com रायपुर 16 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ में स्मार्ट बिजली मीटर उपभोक्ताओं के लिए आधुनिक और पारदर्शी बिजली व्यवस्था का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। स्मार्ट मीटर के जरिए अब उपभोक्ताओं को सटीक बिलिंग, रीयल टाइम बिजली खपत की जानकारी और बिजली उपयोग का बेहतर प्रबंधन करने की सुविधा मिल रही है। बिजली वितरण कंपनी ने स्पष्ट किया है कि स्मार्ट मीटर बिजली का बिल नहीं बढ़ाते, बल्कि वास्तविक खपत के आधार पर सटीक रीडिंग दर्ज करते हैं।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर ने बताया कि स्मार्ट मीटर तकनीक से बिलिंग में त्रुटि की संभावना लगभग समाप्त हो जाती है। पहले उपभोक्ताओं को पूरे महीने की बिजली खपत का पता केवल बिल आने पर चलता था, लेकिन अब ‘मोर बिजली’ ऐप के माध्यम से हर 30 मिनट में बिजली खपत की जानकारी देखी जा सकती है। इससे उपभोक्ता समय रहते अपनी बिजली खपत पर नियंत्रण रखकर ऊर्जा की बचत और बिजली बिल में कमी ला सकते हैं।
टैरिफ स्लैब से बढ़ता है बिल, स्मार्ट मीटर से नहीं
बिजली कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि बिजली बिल में वृद्धि का कारण स्मार्ट मीटर नहीं, बल्कि निर्धारित बिजली टैरिफ स्लैब है। वर्तमान दरों के अनुसार—
0 से 100 यूनिट : 4.40 रुपये प्रति यूनिट
101 से 200 यूनिट : 4.50 रुपये प्रति यूनिट
201 से 400 यूनिट : 6.00 रुपये प्रति यूनिट
401 से 600 यूनिट : 7.00 रुपये प्रति यूनिट
600 यूनिट से अधिक : 8.80 रुपये प्रति यूनिट
जैसे-जैसे बिजली खपत बढ़कर उच्च स्लैब में पहुंचती है, प्रति यूनिट दर भी नियमानुसार बढ़ जाती है। इसका स्मार्ट मीटर से कोई संबंध नहीं है।
गर्मी में बढ़ी खपत, स्मार्ट मीटर से रखें हर पल नजर
अप्रैल, मई और जून की भीषण गर्मी के दौरान एसी, कूलर और अन्य विद्युत उपकरणों के अधिक उपयोग से बिजली की खपत बढ़ी। ऐसे समय में स्मार्ट मीटर और ‘मोर बिजली’ ऐप उपभोक्ताओं को अपनी खपत पर लगातार नजर रखने और अनावश्यक बिजली उपयोग कम करने में मदद कर रहे हैं।
हाफ बिजली योजना का लाभ बनाए रखने में भी मददगार
एम-ऊर्जा (हाफ बिजली योजना) का लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं के लिए स्मार्ट मीटर बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं। यदि किसी परिवार की मासिक खपत 390 यूनिट है तो उसे योजना का पूरा लाभ मिलता है, लेकिन अगले माह खपत 400 यूनिट से अधिक होने पर वह योजना की सीमा से बाहर हो सकता है। ऐसे में रीयल टाइम निगरानी से उपभोक्ता अपनी खपत नियंत्रित कर योजना का लाभ लगातार प्राप्त कर सकते हैं।
शिकायत के लिए 1912 हेल्पलाइन
बिजली कंपनी ने बताया कि स्मार्ट मीटर से जुड़ी किसी भी शिकायत के लिए उपभोक्ता 1912 पर संपर्क कर सकते हैं। प्राप्त शिकायतों की नियमानुसार जांच की जाती है और अब तक की जांच में स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतें सही नहीं पाई गई हैं।
प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर ने उपभोक्ताओं से प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का लाभ उठाकर अपने बिजली बिल को और कम, यहां तक कि शून्य करने की भी अपील की।










