
किसानों की समस्याओं पर सुनवाई नहीं, संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत कर बुलंद करेंगे अन्नदाताओं की आवाज
मनीष विद्यार्थी खरगोन मध्यप्रदेश
KPN24.com खरगोन 22 जुलाई 2026
कांग्रेस कार्यालय में जिला किसान कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में किसानों की मौजूदा समस्याओं, संगठन को मजबूत करने और आगामी चार माह की गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि नाईक ने भाजपा सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि आज किसान फसल के उचित दाम, उपज की तुलाई, बिजली के भारी-भरकम बिल, सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली तथा नकली खाद और बीज जैसी समस्याओं से जूझ रहा है।
रवि नाईक ने कहा कि कदम-कदम पर किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन भाजपा सरकार में उनकी समस्याओं की सुनवाई नहीं हो रही है। यही वजह है कि परेशान किसान आत्महत्या जैसे गंभीर कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान कांग्रेस के संगठन को मैदानी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाकर किसानों की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने की आवश्यकता है।
जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष परसराम पाटीदार ने संगठन की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि 15 अगस्त तक सभी ब्लॉक कार्यकारिणियों का गठन पूरा कर लिया जाएगा। बैठक में आगामी चार माह के लिए किसान कांग्रेस की गतिविधियों का रोडमैप भी तैयार किया गया। साथ ही नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
बैठक का संचालन जिला प्रवक्ता राजेश मंडलोई ने किया। मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव जितेंद्र भावसार, ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष मांगीलाल पाटीदार, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष कादर बेग, लालू भावसार, ब्लॉक किसान कांग्रेस अध्यक्ष उदय प्रकाश पुजारी, प्रवीण घिसीलाल, प्रकाश पाटीदार, वीरेंद्र सिंह राठौड़, बादाम सिंह यादव, मुकेश पटेल, मोहनलाल वर्मा, मनोहर पटेल सहित जिला किसान कांग्रेस के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










