
अंतर-क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, कैरम में भी छत्तीसगढ़ का शानदार प्रदर्शन
KPN24.com रायपुर 26 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ की अंतर-क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिता में बिजली कंपनी के खिलाड़ियों ने खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए शतरंज और कैरम में अपनी धाक जमाई। शतरंज के पुरुष टीम वर्ग में रायपुर सेंट्रल ने चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि दुर्ग रीजन उपविजेता रहा। वहीं महिला टीम वर्ग में कोरबा वेस्ट ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि रायपुर सेंट्रल को उपविजेता से संतोष करना पड़ा।
कैरम में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दम
22 से 24 जुलाई तक जगदलपुर में आयोजित अंतर-क्षेत्रीय कैरम प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। महिला एकल वर्ग में रायपुर सेंट्रल की कंचन महेश ठाकुर ने विजेता का खिताब जीता, जबकि नमिता जैन उपविजेता रहीं। महिला युगल वर्ग में कंचन महेश ठाकुर और नमिता जैन की जोड़ी ने भी प्रथम स्थान हासिल कर दोहरी सफलता दर्ज की। इस वर्ग में दुर्ग की शकुंतला कारक और अनीता रोही की जोड़ी उपविजेता रही।
पुरुष एकल वर्ग में कोरबा वेस्ट के विनोद राठौर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। जगदलपुर के कमलेश ठाकुर उपविजेता रहे। वहीं पुरुष टीम स्पर्धा में जगदलपुर की टीम चैंपियन बनी, जबकि दुर्ग की टीम ने उपविजेता का स्थान हासिल किया।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन
प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक अधीक्षण अभियंता पंकज चौधरी ने बताया कि खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए महिला वर्ग में कंचन महेश ठाकुर, नमिता जैन, शकुंतला कारक, रीना पुरी गोस्वामी, अनीता रोही और कविता ठक्कर का चयन किया गया है।
इसी तरह पुरुष वर्ग में विनोद राठौर, कमलेश ठाकुर, एस.के. मोदी, पी. नागेश्वर राव, शुभम बंचोरे, कमलेश साहू, सुशांत कटाकवार और सलीम खान चयनित हुए हैं।
तिरुपति में राष्ट्रीय मंच पर दिखेगा छत्तीसगढ़ का दम
चयनित खिलाड़ी 4 से 6 अगस्त 2026 तक आंध्र प्रदेश के तिरुपति में आयोजित होने वाली 48वीं अखिल भारतीय विद्युत क्रीड़ा नियंत्रण मंडल की राष्ट्रीय कैरम एवं शतरंज प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
शतरंज में रायपुर सेंट्रल और कोरबा वेस्ट की जीत तथा कैरम में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया है कि छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ के खिलाड़ी खेल के मैदान में भी अपनी प्रतिभा और जज्बे का लोहा मनवा रहे हैं।










