"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कांग्रेस का विजय मार्च, जेन-जी की जीत का मनाया जश्न

मनीष विद्यार्थी, खरगोन मध्यप्रदेश 

खरगोन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की आतिशबाजी, मिठाइयां बांटकर जताई खुशी; नेताओं ने कहा—युवाओं और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा

KPN24.com खरगोन 26 जुलाई 2026

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद खरगोन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे अपनी राजनीतिक लड़ाई की जीत बताते हुए जोरदार जश्न मनाया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में शहर में विजय मार्च निकाला गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की, आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।

विजय मार्च में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष रवि जोशी, भीकनगांव विधायक झूमा सोलंकी, भगवानपुरा विधायक केदार डावर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। पूरे मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
राहुल गांधी की मांग को बताया संघर्ष की जीत
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष रवि जोशी ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी वर्ष 2024 से लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संसद से लेकर सड़क तक लगातार देश के छात्र-छात्राओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विपक्ष की भूमिका में रहते हुए राहुल गांधी ने सरकार से जिन मुद्दों पर सवाल किए, वे समय के साथ सही साबित हुए। आज देश की जेन-जी और युवा पीढ़ी भी इन मुद्दों को लेकर मुखर होकर अपनी आवाज बुलंद कर रही है।
रवि जोशी ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि युवाओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े जिन सवालों को कांग्रेस लगातार उठाती रही, वे पूरी तरह जनहित से जुड़े मुद्दे थे। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
विधानसभा से सड़क तक मुद्दे उठाने का दावा
भीकनगांव विधायक झूमा सोलंकी ने कहा कि कांग्रेस विपक्ष की भूमिका निभाते हुए लगातार विधानसभा में जनहित के मुद्दे उठाती रही है और आगे भी पूरी मजबूती के साथ जनता की आवाज को सदन तक पहुंचाती रहेगी।
वहीं, भगवानपुरा विधायक केदार डावर ने कहा कि कांग्रेस हमेशा आम जनता, युवाओं और किसानों के मुद्दों को लेकर मुखर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी जनहित से जुड़े सवालों को लगातार उठाती रही है और आगे भी जनता की आवाज बनकर संघर्ष करती रहेगी।
‘इस्तीफा कांग्रेस के संघर्ष की जीत’
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देशभर में भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रोश का माहौल है। कांग्रेस लगातार जेन-जी, पेपर लीक और अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा इसी संघर्ष की जीत है और कांग्रेस आगे भी जनता से जुड़े मुद्दों पर अपनी लड़ाई जारी रखेगी।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बोले—‘यह लोकतंत्र की जीत’
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू पटेल ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लोकतंत्र की जीत है। उन्होंने कहा कि जिस सरकार पर अपने मंत्रियों का बचाव करने के आरोप लगते रहे हैं, उसे आखिरकार सच के सामने झुकना पड़ा।
उन्होंने कहा कि देश का युवा अब जाग चुका है। छात्रों ने जंतर-मंतर सहित देश के विभिन्न हिस्सों में आंदोलन कर अपनी आवाज बुलंद की, जिसके दबाव में सरकार को पीछे हटना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस और छात्रों द्वारा उठाए गए सवालों की गंभीरता को दर्शाता है।
आतिशबाजी और मिठाइयों के साथ मनाया जश्न
विजय मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए शहर में मार्च निकाला। इस दौरान जमकर आतिशबाजी की गई और मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई गई। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे युवाओं की आवाज और जनहित के मुद्दों पर चलाए गए संघर्ष की जीत बताया।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More