"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

गुरु पूर्णिमा पर सेंधवा पहुंचे प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल, संदीपनी विद्यालय भवन का किया लोकार्पण

मनीष विद्यार्थी सेंधवा मध्यप्रदेश 

मातृशक्ति और गुरुओं को किया नमन, पुलिस फुटबॉल स्पर्धा का किया शुभारंभ; खिलाड़ियों और अधिकारियों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ

KPN24.com सेंधवा 29 जुलाई 2026

गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को जिले के प्रभारी मंत्री एवं मध्यप्रदेश शासन में कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. गौतम टेटवाल सेंधवा पहुंचे। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की और शिक्षा, खेल तथा नशामुक्ति का संदेश देते हुए सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा लिया।

प्रभारी मंत्री सबसे पहले छोटी बिजासन स्थित लायंस कान्वेंट स्कूल पहुंचे, जहां विशेष अतिथि एवं राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य ने उनका स्वागत किया। इसके बाद डॉ. टेटवाल ने पुलिस फुटबॉल टीम की स्पर्धा का शुभारंभ करते हुए खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
खिलाड़ियों को दिलाई नशे से दूरी की शपथ
कार्यक्रम के दौरान पुलिस के ‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान के तहत प्रभारी मंत्री ने खिलाड़ियों, अधिकारियों और उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से खेल और सकारात्मक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
गुरु पूर्णिमा पर संदीपनी विद्यालय भवन का लोकार्पण
इसके बाद प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल संदीपनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार दोपहर संदीपनी विद्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने मातृशक्ति और गुरुओं को नमन करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
अपने उद्बोधन में प्रभारी मंत्री ने गुरु की महिमा का वर्णन करते हुए विद्यार्थियों से कहा कि माता-पिता और गुरुजनों के मार्गदर्शन एवं आज्ञा का पालन कर विद्यार्थी अपने जीवन में सफलता की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार और मेहनत को जीवन का आधार बनाकर अपना भविष्य उज्ज्वल बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष बलवीर सिंह, पुलिस अधीक्षक पदम विलोचन शुक्ल, कलेक्टर जयति सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर संदीपनी विद्यालय भवन का लोकार्पण सेंधवा के शिक्षा जगत के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर रहा, वहीं खेल और नशामुक्ति के संदेश ने कार्यक्रम को सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ दिया।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More