"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

सेंधवा को मिली ‘चलते-फिरते आईसीयू’ की सौगात, गंभीर मरीजों की जिंदगी बचाने में बनेगी संजीवनी

मनीष विद्यार्थी, सेंधवा मध्यप्रदेश 

श्री नारायण दास अस्पताल सेवा समिति ने सर्वसुविधायुक्त आईसीयू एम्बुलेंस की दी सौगात, लोकार्पण समारोह में जुटे शहर के गणमान्य नागरिक

KPN24.com सेंधवा 30 जुलाई 2026

सेंधवा शहर और आसपास के सैकड़ों गांवों के गंभीर मरीजों के लिए राहत और उम्मीद की बड़ी खबर सामने आई है। श्री नारायण दास अस्पताल सेवा समिति सेंधवा द्वारा क्षेत्रवासियों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित सर्वसुविधायुक्त आईसीयू एम्बुलेंस की सौगात दी गई है।

इस अत्याधुनिक एम्बुलेंस का लोकार्पण नगर पालिका परिषद सेंधवा की अध्यक्ष बसंती बाई यादव, श्री नारायण दास अस्पताल समिति के अध्यक्ष अजय मित्तल एवं समाजसेवी संजय यादव ने फीता काटकर एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया।
इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिकों सहित समाजसेवी, अस्पताल के चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहा।
सिर्फ एम्बुलेंस नहीं, मरीजों के लिए चलता-फिरता आईसीयू
एम्बुलेंस की सुविधाओं की जानकारी देते हुए श्री नारायण दास अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जीशान मंसूरी ने बताया कि श्री नारायण दास अस्पताल सेवा समिति ने सेंधवा शहर सहित आसपास के सैकड़ों गांवों के लोगों के जीवन की रक्षा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए यह महत्वपूर्ण पहल की है।
उन्होंने कहा कि यह एम्बुलेंस केवल मरीजों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का साधन नहीं, बल्कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस एक चलता-फिरता आईसीयू है। अब क्षेत्र के किसी गंभीर मरीज को उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए बड़े अस्पताल में रेफर किए जाने की स्थिति में उसे अत्याधुनिक जीवनरक्षक सुविधाओं के साथ सुरक्षित एवं शीघ्रता से वहां तक पहुंचाया जा सकेगा।
गंभीर मरीजों के लिए समय पर इलाज की उम्मीद
श्री नारायण दास अस्पताल समिति के अध्यक्ष अजय मित्तल ने कहा कि संत श्री नारायण दास अस्पताल का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी संकल्प की दिशा में यह आईसीयू एम्बुलेंस क्षेत्रवासियों को समर्पित की गई है।
उन्होंने कहा कि गंभीर मरीजों को समय पर उच्च चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना बेहद जरूरी होता है। ऐसे में यह एम्बुलेंस मरीजों को जल्द से जल्द आसपास के बड़े अस्पतालों तक सुरक्षित पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। समिति भविष्य में भी क्षेत्रवासियों को उच्च गुणवत्ता वाली और किफायती चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी।
समय पर अस्पताल पहुंचना ही कई बार बचा सकता है जिंदगी’
नगर पालिका परिषद सेंधवा की अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने कहा कि यह सर्वसुविधायुक्त आईसीयू एम्बुलेंस क्षेत्रवासियों को समर्पित की जा रही है, ताकि किसी भी गंभीर आपात स्थिति में मरीज को बिना समय गंवाए सुरक्षित रूप से बड़े अस्पताल तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि गंभीर मरीजों के उपचार में समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस यह एम्बुलेंस निश्चित रूप से जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होगी।
क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती
श्री नारायण दास अस्पताल सेवा समिति की इस पहल से सेंधवा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को गंभीर स्वास्थ्य परिस्थितियों में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर ऐसे मरीज जिन्हें तत्काल उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा की आवश्यकता होती है, उनके लिए यह चलता-फिरता आईसीयू किसी संजीवनी से कम नहीं होगा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More