"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

खेलों से निखरता व्यक्तित्व, बनते हैं अनुशासित और सुसंस्कृत नागरिक : शकुंतला रूहल

मनीष विद्यार्थी खरगोन मध्यप्रदेश 

जिला स्तरीय बैडमिंटन स्पर्धा का समापन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी संभाग स्तर पर करेंगे खरगोन का प्रतिनिधित्व

KPN24.com खरगोन 31 जुलाई 2026

खेल केवल जीत-हार का मैदान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और जीवन में अनुशासन की मजबूत नींव रखने का सशक्त माध्यम हैं। खेलों से जहां विद्यार्थियों का शारीरिक विकास होता है, वहीं मानसिक क्षमता, आत्मविश्वास और नेतृत्व कौशल भी विकसित होता है। छात्र जीवन में खेलों से जुड़ने वाले विद्यार्थी आगे चलकर अनुशासित, संस्कारित और सुसंस्कृत नागरिक बनते हैं, जो देश और समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

यह बात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शकुंतला रूहल ने शुक्रवार को खंडवा रोड स्थित आदित्य विद्या विहार में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के समापन अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल के मैदान में मिली जीत और हार दोनों ही जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।
आदित्य विद्या विहार के निदेशक सीए अनिल रघुवंशी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खिलाड़ी अपने विद्यार्थी जीवन में खेल के माध्यम से जिन अनुशासन और संघर्ष के गुणों को सीखता है, उनका अनुसरण वह पूरे जीवन करता है। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव है।
विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी शैलेंद्र कुमार कानूडे ने कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग अब केवल अकादमिक शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को खेल, कला, विज्ञान, नृत्य, गायन और वादन सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा निखारने के भरपूर अवसर उपलब्ध करा रहा है। विद्यार्थियों को इन अवसरों का अधिकतम लाभ उठाकर अपनी प्रतिभा का श्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए, ताकि वे अपने गांव, शहर, विद्यालय और माता-पिता का नाम रोशन कर सकें।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कोच योगेश वाघ, यज्ञदत्त वर्मा, रविंद्र मिश्रा, मुकेश जायसवाल, अन्नपूर्णा सिकरवार, भावना पटेल, यश बावने, ऋतिक भालसे, राधा अस्के सहित खेल शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन क्रीड़ा निरीक्षक हबीब बेग मिर्जा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्राचार्य अमन सचान ने किया।
संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में दम दिखाएंगे चयनित खिलाड़ी
क्रीड़ा निरीक्षक हबीब बेग मिर्जा ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की जिला बैडमिंटन टीम का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी आगामी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में खरगोन जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
बैडमिंटन के साथ फील्ड आर्चरी में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दम
जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार को नगर पालिका परिषद खरगोन के उपाध्यक्ष भोलू कर्मा, शिक्षा विभाग के सहायक संचालक तेज सिंह राठौड़ एवं आदित्य विद्या विहार के निदेशक अनिल रघुवंशी की उपस्थिति में हुआ था।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेल एवं युवक कल्याण अधिकारी पीवी दुबे और वरिष्ठ बैडमिंटन खिलाड़ी राजकुमार शर्मा ने प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के प्रथम दिवस अंडर-14 बालक-बालिका बैडमिंटन स्पर्धा के साथ फील्ड आर्चरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More