
मनीष विद्यार्थी सेंधवा मध्यप्रदेश
विकास के दावे कागजों तक सीमित, ग्रामीण अंचलों में अब भी बिजली, पानी और सड़क का इंतजार : विधायक सोलंकी
KPN24.com सेंधवा 03 अगस्त 2026
सेंधवा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर सियासत एक बार फिर गरमा गई है। सेंधवा विधायक मोंटू सोलंकी ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता पक्ष द्वारा कांग्रेस शासित विधानसभा क्षेत्रों के साथ भेदभाव किया जा रहा है, जिसका सीधा असर क्षेत्र के विकास पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने कार्यकाल में हुए प्रत्येक कार्य का श्रेय लेने में आगे है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर बयां कर रही है।
विधायक सोलंकी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने विकास के बड़े-बड़े दावे और वादे किए, लेकिन धरातल पर विकास की गति अपेक्षित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों के नाम पर भ्रष्टाचार हुआ, जिसका खामियाजा आज भी सेंधवा क्षेत्र की आदिवासी बहुल ग्रामीण जनता और शहरी मतदाताओं को भुगतना पड़ रहा है।
आंकड़ों में विकास, धरातल पर बुनियादी सुविधाओं का अभाव
सोलंकी ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में आज भी कई ऐसे गांव हैं, जहां बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध नहीं हैं। उनका आरोप है कि सरकारी दस्तावेजों में विकास के आंकड़े तो दिखाई देते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति अलग है। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यदि ग्रामीण जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है, तो इन विकास कार्यों की वास्तविकता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
ई-पंचायत योजना पर भी उठाए सवाल
विधायक सोलंकी ने भाजपा सरकार की ई-पंचायत योजना को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत को इंटरनेट से जोड़कर पंचायत व्यवस्था को हाईटेक बनाने के दावे किए गए थे और इसके लिए करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन सेंधवा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में इसका अपेक्षित लाभ दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि योजनाएं धरातल पर नहीं उतरीं तो जनता के खून-पसीने की कमाई से खर्च किया गया पैसा आखिर कहां गया?
विधानसभा में लगातार क्षेत्र की आवाज उठाने का दावा
विधायक मोंटू सोलंकी ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर कांग्रेस लगातार विधानसभा में आवाज उठाती रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का कथित पक्षपातपूर्ण रवैया केवल कांग्रेस के प्रति नहीं, बल्कि उन हजारों मतदाताओं के साथ भी अन्याय है, जिन्होंने चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान किया था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ विधानसभा में उठाती रहेगी और जनता की समस्याओं को सरकार के सामने रखती रहेगी।
विकास और पलायन के मुद्दे पर आंदोलन की चेतावनी
सोलंकी ने कहा कि सेंधवा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने, ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और मजदूरों के पलायन को रोकने सहित अन्य जरूरी मांगों को लेकर कांग्रेस अब चरणबद्ध आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि जनता के हितों और क्षेत्र के विकास के लिए कांग्रेस हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं के साथ छल किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों और क्षेत्र के विकास के लिए सड़क से लेकर विधानसभा तक अपनी लड़ाई पूरी मजबूती के साथ जारी रखेगी।










