
कलश वंदन महाअभियान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा—संत रविदास का समरसता और समानता का मार्ग ही सशक्त भारत की नींव
KPN24.com रायपुर 4 अगस्त 2026
संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। राजधानी रायपुर में आयोजित कलश वंदन महाअभियान में मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास का समरसता, समानता, भक्ति और सामाजिक न्याय का संदेश आज भी पूरी तरह प्रासंगिक है और यही विकसित व सशक्त भारत की मजबूत आधारशिला है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वर्ष 2027 में संत रविदास जयंती यानी माघी पूर्णिमा पर प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इस दिन मांस एवं मदिरा की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर दिए जाने वाले राज्य अलंकरण पुरस्कारों में संत रविदास के नाम से एक पुरस्कार शुरू करने और नवा रायपुर के एक प्रमुख चौक का नामकरण संत रविदास के नाम पर करने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास की जन्मस्थली से लाई गई पवित्र मिट्टी और जल से भरे कलश का पूजन कर वंदन किया। उन्होंने जिलों के प्रतिनिधियों को कलश सौंपे और गांव-गांव तक अभियान पहुंचाने वाले वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान संत रविदास के सामाजिक समरसता, समानता और राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। कार्यक्रम में मंत्रीगण, विधायक, संत समाज, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।










