
हसदेव ताप विद्युत गृह में संकल्प महिला मंडल का भव्य आयोजन, पारंपरिक श्रृंगार और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
KPN24.com कोरबा 10 अगस्त 2026
हसदेव ताप विद्युत गृह, कोरबा पश्चिम में सावन की हरियाली और तीज के उल्लास का रंग उस समय और गहरा हो गया, जब संकल्प महिला मंडल द्वारा ‘सावन संग श्रृंगार’ थीम पर भव्य एवं रंगारंग हरियाली तीज उत्सव का आयोजन किया गया। पारंपरिक वेशभूषा, श्रृंगार, सावन गीतों और आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी की प्रथम महिला श्रीमती प्रभा कटियार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके प्रेरणादायी संबोधन ने महिला मंडल की सदस्याओं में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार किया।
सीमा जैन बनीं ‘सावन क्वीन’
हरियाली तीज समारोह का सबसे आकर्षक पड़ाव रहा ‘सावन क्वीन’ प्रतियोगिता, जिसमें सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पारंपरिक श्रृंगार और आत्मविश्वास से सजी प्रतिभागियों के बीच हुए रोचक चयन में सीमा जैन ने ‘सावन क्वीन’ का खिताब अपने नाम किया।
वहीं मंजूषा बरडिया प्रथम उपविजेता और वैजयंती आनंद द्वितीय उपविजेता रहीं।
‘संकल्प रत्न’ और ‘कोहिनूर’ ने लूटी वाहवाही
कार्यक्रम में कार्यकारिणी समिति की सदस्याओं को माणिक, पन्ना, पुखराज और नीलम जैसे रत्नों की संकल्पना के साथ ‘संकल्प रत्न’ के रूप में प्रस्तुत किया गया। वहीं मुख्य अतिथि श्रीमती प्रभा कटियार को विशेष रूप से ‘कोहिनूर’ के रूप में प्रस्तुत कर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा ‘पेटल्स ऑफ लाइफ’ के माध्यम से विभिन्न फूलों को जीवन के विविध भावों और मूल्यों से जोड़ते हुए आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थितजनों की खूब सराहना बटोरी।
सावन गीतों के बीच दिखा पारंपरिक श्रृंगार का मनमोहक अंदाज
‘सावन संग श्रृंगार’ थीम के अनुरूप महिला मंडल की सदस्याओं ने पारंपरिक श्रृंगार को सावन और तीज के गीतों के साथ खूबसूरत अंदाज में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में अतिथियों एवं सदस्याओं का हल्दी-कुमकुम और उपहार देकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम का सफल आयोजन संकल्प महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती रुक्मणी सिंह के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में हुआ। आयोजन को सफल बनाने में उपाध्यक्ष प्रियंका पाटले, अभिलाषा गुप्ता, मनीषा पांडे, कविता पंड्या, अनुराधा राव, विजया शाह एवं सजी नायर सहित कार्यकारिणी समिति की सचिव संगीता कोरम, सहसचिव सोमा कुंडू एवं श्रुति शर्मा, कोषाध्यक्ष जी. गिरिजा, क्रीड़ा सचिव मुस्कान तिवारी एवं प्रियंका साहू तथा सांस्कृतिक सचिव हर्षा यदु एवं ऋष्विका तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रेरणा महिला मंडल कोरबा पूर्व की अध्यक्ष अलका कंसल, निवेदिता बंजारा, आकृति महिला मंडल की अध्यक्ष शशि कोसरिया सहित विभिन्न महिला मंडलों की पदाधिकारी एवं सदस्याएं उपस्थित रहीं।










