"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

बुरहानपुर में पत्रकारिता का स्वर्णिम अध्याय, उमेश जंगाले बने राष्ट्रीय अध्यक्ष और राजेश जाधव को मिली राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

मनीष विद्यार्थी बुरहानपुर मध्यप्रदेश 

भव्य नागरिक अभिनंदन और शपथ ग्रहण समारोह में उमड़ा पत्रकारों, समाजसेवियों और प्रबुद्धजनों का हुजूम; निष्पक्ष पत्रकारिता, पत्रकार एकता और सुरक्षा का लिया संकल्प

KPN24.com बुरहानपुर 14 सितंबर 2026

ताप्ती की ऐतिहासिक धरती बुरहानपुर में रविवार को पत्रकारिता जगत का एक यादगार और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ गया। शहर की प्रतिष्ठित होटल उत्सव में आयोजित भव्य नागरिक अभिनंदन एवं शपथ ग्रहण समारोह में कलम के दो पुरोधाओं उमेश जंगाले और राजेश जाधव को महत्वपूर्ण राष्ट्रीय जिम्मेदारियां सौंपी गईं। ऑल इंडिया सशक्त पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उमेश जंगाले तथा राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में राजेश जाधव ने शपथ ग्रहण की।

समारोह में पत्रकारों के साथ साहित्यकार, समाजसेवी, राजनीतिक प्रतिनिधि और शहर के अनेक प्रबुद्ध नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। जैसे ही वरिष्ठ पत्रकार एवं शपथ अधिकारी जयवंत ठाकरे, भोपाल ने दोनों पदाधिकारियों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई, पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
पद नहीं, पत्रकारों के सम्मान और सुरक्षा का दायित्व : उमेश जंगाले
शपथ ग्रहण के बाद ऑल इंडिया सशक्त पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष उमेश जंगाले ने कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान से कहीं अधिक एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने पत्रकारों को संगठित करने, उनके सर्वांगीण विकास, सम्मान और सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की ताकत उसकी निर्भीकता और निष्पक्षता में है। उनकी कलम सत्य, समाज और राष्ट्रहित के लिए निरंतर चलती रहेगी। पत्रकारों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए महासंघ पूरी मजबूती के साथ कार्य करेगा।
निष्पक्ष पत्रकारिता और पत्रकार एकता को बनाया ध्येय
राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश जाधव ने पत्रकार एकता और निष्पक्ष पत्रकारिता को अपना प्रमुख ध्येय बताया। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज को शासन-प्रशासन और आम जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे में पत्रकारों के बीच एकजुटता और आपसी सहयोग समय की आवश्यकता है।
शपथ अधिकारी वरिष्ठ पत्रकार जयवंत ठाकरे ने कहा कि पत्रकारिता महज समाचार लिखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज की आवाज को शब्द देने और लोकतंत्र की मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला क्षेत्र है। पत्रकारों को सत्य के प्रति प्रतिबद्ध रहते हुए अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना चाहिए।
नागरिक अभिनंदन ने बढ़ाया समारोह का गौरव
समारोह का सबसे भावुक और यादगार क्षण तब आया, जब शहरवासियों और पत्रकार समाज की ओर से उमेश जंगाले एवं राजेश जाधव का भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। सम्मान, स्नेह और शुभकामनाओं से अभिभूत माहौल में दोनों पत्रकारों को सम्मानित किया गया।
यह अभिनंदन केवल दो व्यक्तियों का सम्मान नहीं, बल्कि पत्रकारिता, कलम की ताकत और समाज के प्रति पत्रकारों की जिम्मेदारी के सम्मान के रूप में सामने आया।
सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने किया सम्मान
नागरिक अभिनंदन समारोह में जिला अध्यक्ष रिंकू टाक, कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष हर्षित ठाकुर, गुरुद्वारा कमेटी अध्यक्ष शैली किर, मॉडर्न क्लब अध्यक्ष उपेंद्र जैन, मूक-बधिर विद्यालय अध्यक्ष कैलाश अग्रवाल, जॉयंट्स सहेली ग्रुप अध्यक्ष मंगला दुबे, मानव सेवा संस्था की संस्थापक उषा अग्रवाल, अध्यक्ष देवचंद शर्मा, महिला अधिकार मंच अध्यक्ष प्रेमलता साकले, तेरे सुर मेरे गीत संस्था अध्यक्ष राज भावसार, मैक्सिवन क्लब अध्यक्ष डॉ. लारेब एजाज, गीत गाता चल संस्था अध्यक्ष पराग शुक्ला सहित कांग्रेस एवं अन्य सामाजिक, राजनीतिक संगठनों से जुड़े गणमान्य नागरिकों और प्रबुद्धजनों ने दोनों पदाधिकारियों का सम्मान किया।
भव्य आयोजन में स्नेह भोज ने बांधा समां
कार्यक्रम का आयोजन कवि डॉ. रमेशचंद्र शर्मा, समाजसेवी सुनील सलूजा एवं समाजसेवी संजयसिंह शिंदे के आतिथ्य में किया गया। समारोह के पश्चात स्नेह भोज का भी आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर समाजसेवी सुनील सलूजा ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों, पत्रकारों, सामाजिक एवं राजनीतिक प्रतिनिधियों तथा प्रबुद्धजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन दिलीप कुमार मोरे ने किया।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More