
Kpn24.com जांजगीर चांपा 17 सितंबर 2026
सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान-2026 का शुभारंभ हो गया है। अभियान के तहत एक माह तक जनसेवा, जनजागरूकता और सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी कड़ी में गुरुवार को अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह (एबीवीटीपीएस) मड़वा के सीनियर क्लब में ‘आशीर्वाद के दीयों’ का प्रज्ज्वलन कर अभियान का आगाज किया गया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत बलौदा के उपाध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपूत मुख्य अतिथि रहे, जबकि मुख्य अभियंता रजनीश जांगड़े ने अध्यक्षता की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष प्रभुदयाल जायसवाल, प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा सदस्य ललित राम कुर्रे, अल्पसंख्यक मोर्चा चांपा इकाई के मंडल अध्यक्ष सऊदीन अंसारी, लच्छनपुर बूथ अध्यक्ष रामनारायण केंवट तथा जिला उद्योग विभाग के महाप्रबंधक जेवियर टोप्पो सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, विद्युत संयंत्र के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का लिया संकल्प
‘आशीर्वाद के दीयों’ के प्रज्ज्वलन के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने सेवा, समर्पण, सुशासन एवं जनभागीदारी की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। मुख्य अभियंता रजनीश जांगड़े सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और समाज एवं राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की प्रतिबद्धता जताई।
अधिकारियों-कर्मचारियों की रही सक्रिय सहभागिता
कार्यक्रम में मुख्य अभियंता आरके नायक, अतिरिक्त मुख्य अभियंता आलोक लकरा, आरएल ध्रुव, एन. लकरा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय वरिष्ठ कल्याण अधिकारी राजेंद्र सिंह टेकाम ने किया।
खास बात यह रही कि ‘आशीर्वाद के दीयों’ के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत केवल दीप प्रज्ज्वलन तक सीमित नहीं रही, बल्कि समाजहित में जिम्मेदारी, सहभागिता और सेवा भावना को आगे बढ़ाने का संदेश भी दिया गया।










