
नवीन विद्या मंदिर भवन का किया लोकार्पण, विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों के नवाचारों को सराहा; पंगत में बैठकर ग्रहण किया प्रसाद
Kpn24.com रायगढ़ 18 सितंबर 2026
अघोरेश्वर भगवान राम जी के अवतरण दिवस के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को रायगढ़ जिले के ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी से भेंट कर आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन भी प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ने आश्रम की परंपरा के अनुरूप श्रद्धालुओं के साथ पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने अघोरेश्वर भगवान राम विद्या मंदिर के नवीन भवन का लोकार्पण किया। विद्यालय परिसर का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विज्ञान प्रदर्शनी देखी और उनके वैज्ञानिक मॉडल एवं नवाचारों की सराहना कर उनका उत्साहवर्धन किया।
सेवा, करुणा और सामाजिक समरसता की परंपरा को आगे बढ़ा रहा बनोरा आश्रम
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अघोरेश्वर भगवान राम जी का जीवन मानव सेवा, करुणा और सामाजिक समरसता के लिए समर्पित रहा। बनोरा आश्रम इसी सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आध्यात्मिक गतिविधियों के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य एवं नेत्र शिविरों के आयोजन, जरूरतमंदों की सहायता और दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने जैसे कार्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने की भावना को दर्शाते हैं।
आधुनिक शिक्षा के साथ संस्कारों की मजबूत नींव रखेगा नया विद्यालय
मुख्यमंत्री ने कहा कि अघोरेश्वर भगवान राम विद्या मंदिर का नया भवन शिक्षा के क्षेत्र में सेवा यात्रा का महत्वपूर्ण अध्याय है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह विद्यालय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का अवसर देगा।
उन्होंने शिक्षकों को बच्चों में ज्ञान के साथ संस्कार और वैज्ञानिक सोच विकसित करने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।
8 एकड़ परिसर में करीब एक लाख वर्गफीट में बना विद्यालय
अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट द्वारा निर्मित नया विद्यालय परिसर करीब 8 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया गया है। लगभग एक लाख वर्गफीट में निर्मित जी+2 भवन में 41 कक्षाएं और 9 आधुनिक प्रयोगशालाएं हैं। इसके अलावा पुस्तकालय, स्मार्ट कक्षाएं तथा नर्सरी के बच्चों के लिए खेल एवं गतिविधि आधारित शिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
विद्यालय के संचालन के लिए 32 शिक्षक और 14 कार्यालयीन कर्मचारियों की व्यवस्था की गई है।
“अघोरेश्वर भगवान राम जी से हमारे परिवार का रहा पुराना जुड़ाव”
मुख्यमंत्री साय ने बनोरा आश्रम से अपने परिवार के पुराने आत्मीय संबंध का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि उनके बड़े पिताजी स्वर्गीय केदारनाथ साय जी अघोरेश्वर भगवान राम जी के परम शिष्य थे। इसी कारण बचपन से ही परिवार में अघोरेश्वर भगवान राम जी के प्रति श्रद्धा और उनके सेवा-दर्शन का वातावरण रहा है।
मुख्यमंत्री ने पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से उन्हें उनका स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन मिलता रहा है।
बनोरा बना सेवा, शिक्षा और साधना का केंद्र
वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने कहा कि बनोरा आश्रम आध्यात्मिक साधना के साथ मानव सेवा, शिक्षा, चिकित्सा और सामाजिक सरोकारों का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि नवीन विद्यालय भवन से सेवा परंपरा में शिक्षा का एक और सशक्त आयाम जुड़ा है।
करीब तीन दशक पहले पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी के मार्गदर्शन में बनोरा में अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट की नींव रखी गई थी। इसके बाद से ट्रस्ट द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुजाता सुकलाल चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, ट्रस्ट पदाधिकारी, संतवृंद, शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।










