"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

कानफोड़ू साइलेंसर लगाने वाले दोपहिया चालकों पर पुलिस की तिरछी नजर, होगी सख्त कार्रवाई

मनीष विद्यार्थी सेंधवा मध्यप्रदेश 

ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर शिकंजा कसने की तैयारी, वाहन जब्ती के साथ जुर्माने की कार्रवाई

KPN24.com सेंधवा 29 सितंबर 2026

शहर की सड़कों पर तेज और कर्कश आवाज वाले साइलेंसर लगाकर बुलेट समेत अन्य दोपहिया वाहन दौड़ाने वालों की अब खैर नहीं। भीड़भाड़ वाले इलाकों में कानफोड़ू आवाज करते हुए सरपट दौड़ने वाले वाहन चालकों पर पुलिस ने सख्ती बरतने की तैयारी कर ली है। ऐसे वाहनों की पहचान कर उन्हें जब्त करने के साथ ही वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई और जुर्माना वसूला जाएगा।

पिछले कई दिनों से शहर के अलग-अलग हिस्सों में तेज आवाज वाले साइलेंसर लगी बुलेट और अन्य दोपहिया वाहनों के लगातार दौड़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं। खासकर भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में तेज आवाज के साथ वाहन चलाने से राहगीरों और आसपास के रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ध्वनि प्रदूषण पर पुलिस की नजर
पुलिस अब ऐसे वाहनों पर विशेष नजर रखेगी, जिनमें कंपनी के निर्धारित साइलेंसर को हटाकर अत्यधिक तेज आवाज करने वाले साइलेंसर लगाए गए हैं। पुलिस के अनुसार इस तरह के वाहनों से न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों को भी असुविधा होती है।
शिकायत मिली तो होगी कार्रवाई
दिनेश सिंह कुशवाह शहर थाना प्रभारी सेंधवा का कहना है कि इस तरह की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही हैं। शहर में ऐसे वाहन चालकों पर नजर रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर वाहन जब्त कर नियमानुसार जुर्माना भी वसूला जाएगा।
पुलिस ने शहरवासियों से की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कोई वाहन चालक अत्यधिक तेज आवाज वाले साइलेंसर का इस्तेमाल करते हुए दिखाई देता है, तो उसके वाहन का नंबर और स्थान की जानकारी पुलिस तक पहुंचाएं। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More