
15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, 3100 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा मूल्य; किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की मिलेगी आदान सहायता
kpn24.com मुंगेली 13 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को मुंगेली जिले के ग्राम कंतेली में आयोजित कार्यक्रम में 465 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक के 77 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 68 करोड़ रुपये से अधिक के 24 कार्यों का लोकार्पण तथा 397 करोड़ रुपये से अधिक के 53 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव, गरीब, किसान, मजदूर, माताओं-बहनों और युवाओं का सर्वांगीण विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इन विकास कार्यों से जिले में सड़क, सिंचाई, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा।
15 नवंबर से धान खरीदी, 3100 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा मूल्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। इस वर्ष किसानों की सुविधा के लिए 360 नए धान उपार्जन केंद्र भी बनाए गए हैं।
कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की दर से आदान सहायता राशि मिलेगी। इसके लिए निर्धारित पूरी मात्रा में धान बेचना अनिवार्य नहीं होगा। सत्यापित रकबे एवं पात्रता के आधार पर किसानों को योजना का लाभ दिया जाएगा।
सड़क, पेयजल और सिंचाई परियोजनाओं को मिली सौगात
जिले में लगभग 143 करोड़ रुपये की लागत से 25 सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। वहीं अमृत मिशन 2.0 के अंतर्गत 203 करोड़ रुपये से अधिक की जल प्रदाय योजना की आधारशिला रखी गई। इसके अलावा 40 करोड़ रुपये से अधिक के जल संसाधन विभाग के 11 कार्यों का लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री ने ग्राम कंतेली में महाविद्यालय भवन एवं पंचायत भवन, ग्राम देवरी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति वाटिका तथा ग्राम कोदवा से खुर्शी तक सड़क निर्माण एवं मरम्मत की घोषणा भी की।
68 लाख महिलाओं को मिल रहा महतारी वंदन योजना का लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। अब तक 33 किस्तों में 21,340 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, सेवा सेतु पोर्टल, अटल डिजिटल सेवा केंद्र, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना और श्रीरामलला दर्शन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में मुंगेली की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके लिए प्रदेश के प्रत्येक जिले और गांव का विकास जरूरी है।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने विकास कार्यों की सौगात पर जिलेवासियों को बधाई दी। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में मुंगेली जिले में सड़क, पुल-पुलिया और पेयजल सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने बताया कि मुंगेली नगरीय निकाय क्षेत्र के लिए एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति मिल चुकी है।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन, विधायक धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, पुन्नूलाल मोहले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता राशि एवं सामग्री भी वितरित की।










