
KPN24:-:प्यार न तो सरहदें मानता है और न ही समाज के बनाए ढांचे। इसका ताजा उदाहरण एक अनोखी प्रेम कहानी में देखने को मिला, जिसमें एक युवती ने अपनी सहेली से शादी करने के लिए खुद की पहचान ही बदल डाली। यह कहानी है राजस्थान की दो युवतियों, सविता और पूजा की, जो दोस्ती से शुरू हुई और जीवनसाथी बनने तक पहुंच गई।
मिली जानकारी अनुसार राजस्थान की रहने वाली 31 वर्षीय सविता ने अपने प्यार पूजा को पाने के लिए एक बड़ा कदम उठाते हुए अपना लिंग परिवर्तन करवा लिया। इंदौर में जेंडर बदलवाने के बाद सविता, ‘ललित’ बन गई और फिर दोनों ने नवंबर में आर्य समाज मंदिर, जयपुर में विवाह रचा लिया।
जयपुर में कोचिंग के दौरान हुई थी मुलाकात
भरतपुर की रहने वाली सविता की पूजा से मुलाकात जयपुर में एसएससी कोचिंग के दौरान हुई थी। वहीं से दोनों के बीच गहरी दोस्ती शुरू हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम में बदल गई। पूजा जयपुर में अपने पिता रमेश के साथ रहती थी। लेकिन सामाजिक बंदिशों और पारिवारिक डर के कारण दोनों अपने रिश्ते को सार्वजनिक नहीं कर पाईं।
ललित बनकर की शादी, परिवार को भनक तक नहीं
अपने प्रेम को समाजिक मान्यता देने के लिए सविता ने साहसिक निर्णय लेते हुए 31 मई को इंदौर में जेंडर बदलवाया और ‘ललित’ बन गई। इसके बाद दोनों ने चुपचाप शादी कर ली। इस बात की जानकारी केवल दोनों को ही थी, उनके परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगी।
फिल्मी अंदाज़ में की गई योजना, शादी से बचने को बोला झूठ
इस बीच पूजा के घरवालों ने उसकी शादी किसी युवक से तय कर दी। शादी से बचने के लिए पूजा ने परिजनों से बीएड की पढ़ाई के नाम पर भरतपुर जाने का बहाना बनाया और फिर वहां पहुंचकर मोबाइल बंद कर लिया। इस दौरान पूजा और ललित, पति-पत्नी बनकर मथुरा के महावन इलाके में रहने लगे।
पुलिस ने मथुरा से खोज निकाला
परिवार द्वारा पूजा की गुमशुदगी की रिपोर्ट जयपुर में दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रैक की और मथुरा से दोनों को बरामद कर लिया। पूछताछ में ‘ललित’ ने बताया कि वह फार्मेसी कॉलेज में नौकरी करता है और पूजा उसकी पत्नी है।
पुलिस ने दी साथ रहने की अनुमति, अब सोशल मीडिया पर चर्चा
पूजा ने पुलिस के सामने स्पष्ट किया कि वह अपनी मर्जी से ललित के साथ रह रही है और दोनों बालिग हैं। इसके बाद पुलिस ने उन्हें साथ रहने की अनुमति दे दी। हालांकि अब यह जोड़ा काफी परेशान है, क्योंकि जो रिश्ता उन्होंने गुपचुप तरीके से निभाया था, वह अब मीडिया और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
मथुरा छोड़ने की बना रहे योजना
सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस प्रेम कहानी के बाद अब ‘ललित’ और पूजा मथुरा छोड़ने की योजना बना रहे हैं ताकि किसी शांत जगह पर नई शुरुआत कर सकें। यह कहानी एक बार फिर यह साबित करती है कि सच्चा प्यार किसी भी रूप में हो, वह सीमाओं को तोड़कर अपनी राह खुद बना ही लेता है।










