
KPN24:- छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दर्राभाठा बगरैल गांव में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। पारिवारिक गुटबाजी और आपसी रंजिश के कारण 45 वर्षीय सर्वे दास महंत की आरोपियों ने निर्मम हत्या कर दी। मृतक को पहले घर से घसीटकर बाहर निकाला गया, फिर नग्न अवस्था में पूरे गांव में तीन घंटे तक बेरहमी से लाठी-डंडों और लात-घूसों से पीटा गया, जिससे मौके पर ही उसकी जान चली गई। इस मारपीट में मृतक के बेटे को भी गंभीर चोटें आई हैं, उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
मृतक की पत्नी ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
घटना को लेकर मृतक की पत्नी कांति महंत ने डभरा पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आरोपी परिवार के करीब 17-18 लोग, जिसमें महिलाएं भी शामिल थीं, घर में घुसे और उनके पति को जबरन घर से लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन पुलिस मौके पर जाने के बाद आरोपियों की धमकी के डर से लौट गई। इसी दौरान 108 एम्बुलेंस की टीम भी पहुंची, पर वह भी शव को हाथ लगाए बगैर वहां से लौट गई।
कांति महंत का आरोप है कि पुलिस ने एफआईआर में आरोपियों के हिसाब से नाम दर्ज किए हैं और महिला आरोपियों का नाम शामिल नहीं किया है। घटना के बाद वह तुरंत थाने पहुंची थी, लेकिन घंटों तक उसे पुलिस की मदद नहीं मिली और उसका पति तड़पता रह गया। ग्रामीणों के मुताबिक, घटना इतनी भयावह और डरावनी थी कि कोई भी बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटा पाया।
पुरानी रंजिश बनी वारदात की वजह, 9 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे पुराना विवाद और आपसी रंजिश मुख्य कारण रही। मृतक सर्वे दास महंत और आरोपी पक्ष के बीच लंबे समय से तनाव चला आ रहा था, जो बलवा और जानलेवा हमले में तब्दील हो गया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल बेटे का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने वारदात के आरोप में पीला दास महंत, रोहित दास महंत, सुफल दास महंत, चमरू दास महंत, कृष्ण दास महंत, मन्नू दास महंत, कमल दास महंत, दुर्जन दास महंत और सुनील दास महंत को हत्या के मामले में गिरफ्तार कर लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि घटना के दौरान पूरा गांव दहशत के चलते घरों में कैद हो गया था।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल, डभरा पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है और पुलिस प्रशासन पर उचित कार्रवाई व सुरक्षा की मांग रखी है। पूरे जिले में घटना को लेकर आक्रोश और भय का माहौल देखा जा रहा है।










