
KPN24:- पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोईलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोल्हान जंगल के तामबागाड़ा इलाके में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। इस मुठभेड़ में छत्तीसगढ़ के कोंटा-सुकमा क्षेत्र का दो लाख रुपये का इनामी नक्सली अरुण कर्की मारा गया।
घटना स्थल से सुरक्षाबलों ने एक एसएलआर रायफल भी बरामद की है। सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान कई अन्य नक्सलियों के घायल होने की भी सूचना है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
स्वतंत्रता दिवस से पहले बढ़ी थी नक्सली गतिविधियां
विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर कोल्हान जंगल में नक्सलियों की सक्रियता बढ़ गई थी। इसे देखते हुए चाईबासा पुलिस और कोबरा 209 बटालियन की संयुक्त टीम बीते कई दिनों से इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही थी।
इसी अभियान के तहत बुधवार की सुबह तामबागाड़ा क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। मारे गए नक्सली की पहचान होते ही इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है तथा सर्च ऑपरेशन अब भी जारी है।
प्रशासन अलर्ट, ग्रामीणों से सहयोग की अपील
मुठभेड़ के बाद प्रशासन ने स्थानीय ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।










