
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा नगर की प्रतिभाशाली बेटी आरुषि सोनी ने अपनी मेहनत और लगन से नगर का मान बढ़ाया है। सराफा एसोसिएशन बलौदा के सचिव एवं पत्रकार सुरेंद्र सोनी और श्रीमती आशा सोनी की सुपुत्री तथा नगर के वरिष्ठ नागरिक रामायण प्रसाद सोनी की पौत्री आरुषि ने बारहवीं कक्षा में 88 प्रतिशत अंक अर्जित कर शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय दिया था।
इसी कड़ी में आगे बढ़ते हुए आरुषि ने साल 2025 में प्रथम प्रयास में ही राष्ट्रीय पात्रता एवं प्रवेश परीक्षा (NEET) उत्तीर्ण कर कोरबा मेडिकल कॉलेज में दाखिला प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे बलौदा नगर को गौरवान्वित किया है।
बचपन से था डॉक्टर बनने का सपना
आरुषि को बचपन से ही चिकित्सा क्षेत्र के प्रति गहरी रुचि रही है। अपने स्कूल जीवन में वह विज्ञान विषयों में हमेशा उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रही हैं। परिवार और शिक्षकों का कहना है कि आरुषि का सपना डॉक्टर बनकर लोगों की सेवा करना और समाज के लिए एक आदर्श स्थापित करना था।
संघर्ष और मेहनत की कहानी
नीट परीक्षा की तैयारी के लिए आरुषि ने लगातार अनुशासन, नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास को अपना मंत्र बनाया। सुबह से देर रात तक पढ़ाई, समय-समय पर मॉक टेस्ट और गलतियों से सीखते हुए उन्होंने अपनी मेहनत को जारी रखा। कठिन परिश्रम और धैर्य के बल पर ही वह प्रथम प्रयास में ही सफलता अर्जित करने में सफल हुईं।
परिवार का सहयोग
अपनी सफलता का श्रेय आरुषि ने माता-पिता, दादा-दादी के आशीर्वाद और अपने राजू चाचा सत्येंद्र सोनी के सहयोग व प्रेरणा को दिया तथा कहा कि मेरे राजू चाचा सत्येंद्र सोनी की अंतिम इच्छा की थी मैं डॉक्टर बनूं व परिवार का भी सपना है, जिसे मैंने पूरा करने की दिशा में पहला कदम रख दिया है।
नगरवासियों में खुशी की लहर
आरुषि की इस उपलब्धि पर नगरवासियों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने उन्हें हार्दिक बधाइयाँ और शुभकामनाएँ दीं। बलौदा सराफा एसोसिएशन के सदस्यों और नगर के लोगों ने भी इसे गर्व का क्षण बताया और विश्वास व्यक्त किया कि आरुषि भविष्य में समाज सेवा और चिकित्सा क्षेत्र में नई मिसाल कायम करेंगी।










