"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

जांजगीर-चांपा में ड्रिंक एंड ड्राइव व यातायात नियम उल्लंघन पर पुलिस की सख्त कार्रवाई

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया।

इस दौरान ड्रिंक एंड ड्राइव के विरुद्ध की गई कार्रवाई में कुल 24 वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। सभी के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज कर वाहनों को जप्त किया गया है, जिन्हें माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

इसी क्रम में जिलेभर में चलाए गए सघन वाहन चेकिंग अभियान में 319 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्यवाही की गई। इनमें तेज रफ्तार (ओवरस्पीडिंग), बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाना, बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाना, मालवाहक वाहनों में सवारियों को बैठाना और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालक शामिल रहे। सभी से समन शुल्क वसूल किया गया।

यातायात पुलिस ने बताया कि ओवरस्पीडिंग करने वाले, शराब पीकर वाहन चलाने वाले तथा मालवाहक गाड़ियों में सवारियां ले जाने वाले चालकों के विरुद्ध लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई भी की जा रही है।

पुलिस की अपील

यातायात पुलिस जांजगीर ने नागरिकों से सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए नियमों का पालन करने की अपील की है :

1. शराब पीकर वाहन न चलाएं।

2. तेज गति से वाहन न चलाएं।

3. मोटरसाइकिल चलाते समय हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनें।

4. ट्रिपल सवारी न करें।

5. मालवाहक वाहनों में सवारियां न बैठाएं।

6. रात्रिकालीन यात्रा में विशेष सतर्क रहें।

7. नींद या नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें।

8. नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More