
KPN24 :- सक्ती जिले के शासकीय वेदराम महाविद्यालय मालखरौदा में स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य डॉ. बी. डी. जांगड़े द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देने से हुई। इसके बाद राष्ट्रगान गाकर देशभक्ति की भावना को प्रकट किया गया।
प्राचार्य डॉ. जांगड़े ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें त्याग और बलिदान की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने, शिक्षा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अन्य प्राध्यापकों ने भी अपने विचार साझा किए और छात्रों को कड़ी मेहनत, सत्यनिष्ठा एवं राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण महाविद्यालय परिवार द्वारा निकाली गई तिरंगा यात्रा रही, जो महाविद्यालय से मिशन चौक तक निकाली गई। इस यात्रा में छात्र-छात्राएँ, प्राध्यापक और कर्मचारीगण बड़ी संख्या में शामिल हुए। तिरंगा हाथों में लिए छात्र-छात्राओं द्वारा भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से वातावरण गूंज उठा।
देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति और मिठाई वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरा महाविद्यालय इस अवसर पर देशभक्ति की भावना से सराबोर रहा।
कार्यक्रम का संचालन भूगोल विभागाध्यक्ष राजकुमार कुर्रे ने किया। इस दौरान प्राचार्य डॉ. बी. डी. जांगडे सहित महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकगण एवं कर्मचारीगण मौजूद थे। प्रमुख रूप से सी. आर. कोसले, श्रीमती यू. एन. जायसवाल, वासुदेव एक्का, गंगा राम जोशी, रामरतन खूंटे, लेखराम कोसरिया, डॉ. योगेश्वर बघेल, श्रीमती मथुरा महिलाएंगे, डॉ. राजेश गुप्ता, नरेश कुमार राठौर, वासुरमन घृतलहरें, मनीष बंजारे, लखन भास्कर, श्रीमती राजेश्वरी खूंटे, सुश्री वेदकुमारी साहू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।










