
KPN24:- छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन- बिहान के तहत किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों को आम जनता तक पहुँचाने के लिए एक विशेष पहल की गई है। इसी क्रम में “दीदी के गोठ” नामक रेडियो कार्यक्रम का पहला एपिसोड आगामी 31 अगस्त 2025 को प्रसारित किया जाएगा। यह प्रसारण दोपहर 12:15 बजे से प्रदेश के सभी आकाशवाणी केंद्रों से एक साथ किया जाएगा।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं (दीदीयों) की सफलता की कहानियों को जन-जन तक पहुँचाना है, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण महिलाएँ प्रेरित होकर आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ा सकें। इस दौरान विभिन्न जिलों से जुड़ी महिलाएँ अपनी संघर्ष और सफलता की प्रेरणादायी यात्राएँ साझा करेंगी।
“दीदी के गोठ” रेडियो कार्यक्रम न केवल महिला स्व-सहायता समूहों की उपलब्धियों को उजागर करेगा बल्कि उनके द्वारा किए जा रहे नवाचार और सामूहिक प्रयासों की झलक भी प्रस्तुत करेगा। राज्य सरकार का मानना है कि इस प्रकार के कार्यक्रम ग्रामीण समाज को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन-बिहान के अंतर्गत हजारों महिलाएँ आज छोटे-छोटे व्यवसाय, आजीविका गतिविधियों और सामुदायिक योजनाओं से जुड़कर आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल कर रही हैं। ऐसे में यह कार्यक्रम उनकी मेहनत और जज़्बे को सम्मान देने के साथ-साथ पूरे प्रदेश में महिलाओं को आगे बढ़ने की नई प्रेरणा देगा।










