
KPN24:- सक्ती जिले में आम आदमी पार्टी के यूथ विंग के जिला अध्यक्ष अजय मनहर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्राम पंचायत हसौद स्थित पीएम श्री आत्मानंद हिंदी एवं इंग्लिश माध्यम स्कूल में शिक्षकों की भारी कमी तथा ग्राम पंचायत देवरघटा सोसाइटी में खाद संकट की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया।
अजय मनहर ने कहा कि हसौद के आत्मानंद स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कई विषयों की कक्षाएं नियमित रूप से संचालित नहीं हो पा रही हैं, जो बच्चों के शिक्षा के अधिकार का उल्लंघन है।
उन्होंने बताया कि देवरघटा सोसाइटी में खाद की भारी कमी से किसान परेशान हैं। समय पर खाद उपलब्ध न होने से फसल उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ेगा और किसानों को नुकसान उठाना पड़ेगा।
अजय मनहर ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई और खाद की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो आम आदमी पार्टी आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें रखी गईं—
1. हसौद आत्मानंद स्कूल में तत्काल पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति।
2. देवरघटा सोसाइटी में तुरंत खाद की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
3. लापरवाही बरतने वाले विभागीय अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर जिला सचिव मनु महंत, राणा भारद्वाज सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










