
KPN24 :- सुशासन का वास्तविक अर्थ तभी पूर्ण होगा जब ग्रामीण महिलाएँ सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक रूप से सशक्त हों। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत एक नई ऐतिहासिक पहल की है। इसके तहत विशेष रेडियो कार्यक्रम “दीदी के गोठ” का शुभारंभ 31 अगस्त को दोपहर 12:15 बजे किया जाएगा।
यह कार्यक्रम आकाशवाणी रायपुर केंद्र सहित प्रदेश के सभी आकाशवाणी केंद्रों से एक साथ प्रसारित होगा। साथ ही इसकी लाइव स्ट्रीमिंग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म (www.onlineradiofm.in/stations/all-india-air-raipur) पर भी उपलब्ध रहेगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ‘दीदी के गोठ’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि सुशासन और महिला सशक्तिकरण की दिशा में सरकार की दूरदर्शी सोच का प्रतिबिंब है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय, भारत सरकार के केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री तथा राज्य के उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा का विशेष संदेश और शुभकामनाएँ भी प्रसारित की जाएँगी।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को शासन की योजनाओं से जोड़ना, स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करना है। इसमें स्व-सहायता समूहों की सफल महिलाओं की कहानियाँ प्रसारित की जाएँगी, जिन्होंने संघर्ष और कठिनाइयों को पार कर अपनी मेहनत से न केवल आर्थिक मजबूती हासिल की, बल्कि समाज में एक नई पहचान भी बनाई। आज छत्तीसगढ़ की लाखों महिलाएँ “लखपति दीदी” बन चुकी हैं और उनका जीवन बिहान योजना से सकारात्मक रूप से बदला है।
कार्यक्रम के व्यापक प्रभाव के लिए पंचायत, ग्राम संगठन और संकुल संगठन स्तर पर सामूहिक श्रवण की व्यवस्था की गई है। इसमें जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय समुदाय और स्व-सहायता समूह की महिलाएँ विशेष रूप से शामिल होंगी। सामूहिक श्रवण से ग्रामीण क्षेत्रों में आपसी संवाद और प्रेरणा का वातावरण बनेगा।
31 अगस्त को दोपहर 12:15 बजे प्रसारित होने वाला यह कार्यक्रम महिलाओं की सशक्त आवाज़ बनकर हर गाँव और हर घर तक पहुँचेगा।










