
KPN24:- जांजगीर-चांपा में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिले में सांसद खेल महोत्सव के तहत रविवार को साइकिल रैली और जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
सुबह 7:30 बजे शासकीय हाई स्कूल मैदान से शुरू हुई साइकिल रैली कचहरी चौक, नेताजी चौक और लिंक रोड होते हुए पुनः हाई स्कूल मैदान में संपन्न हुई। रैली का उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली, फिटनेस और खेलों के महत्व को जन-जन तक पहुँचाना रहा। बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों और नागरिकों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इसी क्रम में जिला प्रशासन और जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में हसदेव पब्लिक स्कूल में जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया।
कलेक्टर महोबे ने अपने संबोधन में कहा कि खेलों से अनुशासन, तार्किक शक्ति और मानसिक मजबूती का विकास होता है। विशेष रूप से शतरंज खेल न केवल बौद्धिक क्षमता को विकसित करता है, बल्कि धैर्य, निरंतरता और एकाग्रता बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि शतरंज जैसे खेल विद्यालय से लेकर जिला स्तर तक निरंतर आयोजित होने चाहिए, ताकि बच्चों में योजना बनाने और निर्णय लेने की क्षमता मजबूत हो।
इस अवसर पर एचपीएस प्रिंसिपल एम.के. शर्मा और वाइस प्रिंसिपल श्रीमती कमल अंववानी सहित जिला शतरंज संघ अध्यक्ष देवेंद्र कुमार राठौर, उपाध्यक्ष देवेंद्र कुमार यादव, कोषाध्यक्ष लोकेश यादव एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
शतरंज प्रतियोगिता के परिणाम
जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में प्रथम राठौर ने 86 खिलाड़ियों को पछाड़ते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
द्वितीय स्थान – परितोष साहू
तृतीय स्थान – विवेक कुमार सोनी
इसके अलावा विभिन्न वर्गों में विजेता रहे –
अंडर–09 : वेदांश यादव, अनाया लकड़ा
अंडर–13 : सिद्धार्थ ठाकुर, कुमारी रिमझिम केवट
अंडर–15 : अथर्व पालीवाल, कृतिका साहू
विशेष पुरस्कार : अंडर–07 वर्ग में प्रद्युमन और आमंदी
साथ ही, वेदांश यादव को इंटरनेशनल रेटिंग शुरू करने पर विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया।










