"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

शिक्षक दिवस पर राज्य स्तरीय सम्मान समारोह राज्यपाल बोले- शिक्षक विद्यार्थियों के लिए रोल मॉडल, मुख्यमंत्री ने कहा- शिक्षा के बिना जीवन अधूरा

KPN24:- छत्तीसगढ़ में शिक्षक दिवस के अवसर पर आज राजभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम् में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्ष 2024 के लिए चयनित 64 उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा जीवन का मूलमंत्र है और इसके बिना जीवन अधूरा है।

शिक्षक राष्ट्र के सच्चे निर्माता – राज्यपाल

मुख्य अतिथि राज्यपाल रमेन डेका ने भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन करते हुए कहा कि शिक्षा मानव के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा, “एक शिक्षक अपने विद्यार्थियों के लिए रोल मॉडल होता है। बच्चों को गिरकर उठना और जीवन की चुनौतियों का सामना करना सिखाना शिक्षक का दायित्व है।”

राज्यपाल ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को शिक्षा क्षेत्र का गेम चेंजर बताते हुए कहा कि मातृभाषा में शिक्षा बच्चों के लिए सहज और अधिक प्रभावी होती है। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे नवाचारी तरीकों से पढ़ाकर बच्चों में रुचि जगाएं।

शिक्षा के बिना जीवन अधूरा – मुख्यमंत्री

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षक दीपक की तरह होते हैं, जो स्वयं जलकर दूसरों को प्रकाश देते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर चुका है और शिक्षा सहित सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब 20 से अधिक विश्वविद्यालय, 15 से ज्यादा मेडिकल कॉलेज, आईआईटी, आईआईएम, एम्स और लॉ विश्वविद्यालय स्थापित हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि हर बच्चे तक शिक्षा की सहज पहुंच हो। इसी उद्देश्य से प्रत्येक दूरी पर प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा संस्थान खोले जा रहे हैं।

64 शिक्षकों को सम्मान, विशेष पुरस्कार भी वितरित

समारोह में सूरजपुर जिले के अजय कुमार चतुर्वेदी को डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्मृति पुरस्कार, कबीरधाम जिले के रमेश कुमार चंद्रवंशी को गजानन माधव मुक्तिबोध स्मृति पुरस्कार, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की श्रीमती सुनीता यादव को डॉ. मुकुटधर पाण्डेय स्मृति पुरस्कार और रायगढ़ जिले के भोजराम पटेल को डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र स्मृति पुरस्कार प्रदान किया गया।

इसके साथ ही प्रधान पाठक, व्याख्याता, शिक्षक एल.बी., सहायक शिक्षक सहित विभिन्न वर्गों के 64 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति

कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने आगामी वर्ष 2025 के लिए चयनित शिक्षकों के नामों की घोषणा की। स्कूल शिक्षा सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने स्वागत भाषण और लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक श्री ऋतुराज रघुवंशी ने आभार प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी, विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, समग्र शिक्षा प्रबंध संचालक संजीव झा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More