
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में चरित्र शंका के चलते चल रहे विवाद ने एक परिवार को पूरी तरह से तोड़ दिया। थाना चाम्पा क्षेत्र अंतर्गत 7 सितंबर की रात पत्नी ने अपने पति की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त तकिया भी जब्त किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी संजय थवाईत ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका जीजा सोमराज बड़ाईक (उम्र 35 वर्ष) शराब के नशे में घर आया और पत्नी दुर्गा बड़ाईक को चरित्र शंका को लेकर गाली-गलौज और मारपीट करने लगा। प्रार्थी ने झगड़ा शांत कराया, लेकिन रात करीब 9 बजे फिर से विवाद हुआ। इस दौरान लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर दुर्गा बड़ाईक ने अपने पति सोमराज की तकिए से गला दबाकर हत्या कर दी।
परिवार के लोगों ने सोमराज को अचेत अवस्था में कमरे में पड़े देखा और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और एसडीओपी चाम्पा यदुमनी सिदार को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर महिला आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि उसका पति चरित्र शंका को लेकर रोज शराब के नशे में मारपीट करता था, जिससे परेशान होकर उसने हत्या की। पुलिस ने महिला के कब्जे से तकिया बरामद कर लिया और पर्याप्त सबूत मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता थाना प्रभारी चाम्पा, उपनिरीक्षक बेलसज्जर लकड़ा, सिलमनी टोप्पो, आरक्षक वीरेश सिंह, शंकर राजपूत, मुद्रिका दुबे, संजय साहू एवं भूपेंद्र राठौर की विशेष भूमिका रही।










