
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिला कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले में बालिका सुरक्षा माह का आयोजन 14 अगस्त से 15 सितम्बर 2025 तक किया जा रहा है। इस विशेष अभियान का उद्देश्य बालिकाओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों की रक्षा एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजेन्द्र सिंह जायसवाल ने बताया कि इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम सभाओं, प्रशिक्षण स्थलों एवं संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बालिकाओं को सुरक्षा, बाल विवाह रोकथाम, लिंग भेदभाव, साइबर सेफ्टी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जा रही है।
अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए नाटक, मेहंदी एवं पेंटिंग प्रतियोगिता जैसे रचनात्मक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही चाइल्डलाइन 1098, आपातकालीन नंबर 112 एवं 181 जैसी हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देकर बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।










