
KPN24:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गरियाबंद और नारायणपुर जिलों में नक्सल मोर्चे पर मिली बड़ी सफलता पर सीआरपीएफ की कोबरा कमांडो, छत्तीसगढ़ पुलिस और डीआरजी के जवानों को बधाई दी है।
गरियाबंद जिले में हुई मुठभेड़ में अब तक 10 नक्सली मारे गए हैं। इनमें केंद्रीय समिति सदस्य और ₹1 करोड़ के इनामी मोडेम बालकृष्णा उर्फ मनोज भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने इसे नक्सल उन्मूलन अभियान की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
इसी क्रम में नारायणपुर जिले में भी नक्सल गतिविधियों पर बड़ा असर देखा गया है। यहां जनताना सरकार सदस्य, पंचायत मिलिशिया डिप्टी कमांडर, पंचायत सरकार सदस्य और न्याय शाखा अध्यक्ष सहित कुल 16 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ये घटनाएँ इस बात का स्पष्ट प्रमाण हैं कि नक्सलियों की झूठी विचारधारा अब दम तोड़ रही है। छत्तीसगढ़ में विश्वास, विकास और शांति की नई सुबह का उदय हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मार्च 2026 तक ‘नक्सलमुक्त भारत’ का संकल्प अवश्य साकार होगा।










