
KPN24:- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में तीन दिन पहले वायरल हुए वीडियो प्रकरण में बड़ा मोड़ सामने आया है। भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व मंडल महामंत्री जीत निशोदे ने फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की है। परिजनों ने उन्हें फंदे से उतारकर शाहपुरा स्थित पुष्पांजलि अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
युवती ने दर्ज कराई FIR, बोली – हमारी शादी होने वाली थी
इस पूरे मामले में वीडियो में नजर आ रही युवती ने शहपुरा थाने में केस दर्ज कराया है। युवती का आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजनीतिक षड्यंत्र के तहत यह वीडियो बनाया और वायरल किया। उसका कहना है कि उसकी और जीत निशोदे की शादी होने वाली थी, लेकिन घर का दरवाजा तोड़कर निजी वीडियो शूट कर बदनाम करने की साजिश रची गई।
पार्टी से निष्कासन और डिप्रेशन
वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा ने जीत निशोदे को युवा मोर्चा महामंत्री पद से हटाने के साथ ही पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी निष्कासित कर दिया था। इसके बाद से ही जीत गहरे डिप्रेशन में थे।
पुलिस की जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर वीडियो बनाने और वायरल करने वालों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। वहीं, अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में जीत निशोदे की हालत नाजुक बनी हुई है।










