
KPN24:- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्यहित एवं जनकल्याण से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए।
👉 शासकीय सेवकों के लिए राहत – बैठक में यह निर्णय लिया गया कि शासकीय सेवकों की आकस्मिक वित्तीय आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु उन्हें वित्तीय संस्थाओं के माध्यम से वेतन के विरुद्ध अल्पावधि ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए बैंकों/वित्तीय संस्थाओं से प्रस्ताव आमंत्रित करने और आगे की कार्रवाई हेतु वित्त विभाग को अधिकृत किया गया। साथ ही एमओयू के प्रारूप को भी अनुमोदित किया गया।
👉 दिव्यांगजनों के हित में बड़ा फैसला – राष्ट्रीय दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम (NDFDC) की बकाया ऋण राशि 24 करोड़ 50 लाख 5 हजार 457 रुपये राज्य सरकार द्वारा एकमुश्त वापस किए जाने का निर्णय लिया गया। निगम द्वारा राज्य के दिव्यांगजनों को स्वरोजगार और शिक्षा के लिए न्यूनतम 3 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण प्रदाय किया जाता है।
👉 स्पेशल एजुकेटर भर्ती प्रक्रिया में छूट – मंत्रिपरिषद ने स्कूल शिक्षा विभाग को 100 स्पेशल एजुकेटर की सीधी भर्ती की अनुमति दी है। भर्ती एवं पदोन्नति नियम-2019 में एक बार की छूट प्रदान करते हुए चयन परीक्षा के स्थान पर मेरिट सूची के आधार पर भर्ती करने का निर्णय लिया गया।
👉 मुख्य सचिव का सम्मान एवं नये मुख्य सचिव का स्वागत – बैठक में मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त हो रहे 1989 बैच के आईएएस अधिकारी अमिताभ जैन को भावभीनी विदाई दी गई। साथ ही 1994 बैच के आईएएस अधिकारी श्री विकास शील का मुख्य सचिव पद पर स्वागत किया गया।










